अमररोहा : टक्कर लगने के बाद भड़के सांड ने बाइक चालक की ली जान, पिता की हालत भी गंभीर
हसनपुर(अमरोहा), अमृत विचार। अमरोहा मार्ग पर बाइक की टक्कर से भड़के सांड ने युवक पर हमला बोल दिया। युवक पर सींग से बार-बार प्रहार कर गंभीर घायल कर दिया, साथ में बैठे पिता भी घायल हो गए। गंभीर हालत में युवक को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना रजबपुर क्षेत्र के गांव गजरौला प्रभुवन निवासी मुनेंद्र पुत्र रामरतन शनिवार रात बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही उसकी बाइक रजबपुर थाना क्षेत्र में घरोंठ गांव के नजदीक पहुंची तभी अचानक बाइक के आगे सांड आ गया। तेज गति बाइक सांड से टकरा गई। बताया जा रहा है कि सांड बाइक की टक्कर लगने के बाद भड़क गया और मुनेंद्र पर हमला बोल दिया। जमीन पर गिराकर मुनेंद्र के पेट में जगह-जगह सींग मार दिए।
मुनेंद्र की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से सांड को भगाया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने गंभीर हालत में मुनेंद्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, वहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया।
मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात 29 वर्षीय मुनेंद्र की मौत हो गई। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इस मामले में किसी तरह की कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है। बाइक पर बैठे मृतक के पिता राम रतन की भी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा: करोड़ों का गबन करने वाला गन्ना विकास विभाग का वरिष्ठ सहायक गिरफ्तार
