लुटेरी दुल्हन : सुहागरात से पहले दिया दूध का ग्लास, अगली सुबह दूल्हे ने खुद को पाया अकेला, नगदी, जेवरात भी मिले गायब
महोबा में लुटेरी दुल्हन नगदी, जेवरात लेकर फरार हो गई।
महोबा में सुहागरात से पहले दुल्हन ने दूल्हे को दूध का ग्लास दिया। इसके बाद दुल्हन नगदी, जेवरात लेकर फरार हो गई। अगली सुबह उठे दूल्हे ने कमरे में खुद को अकेला पाया।
महोबा, अमृत विचार। नगर पालिका में संविदा सफाई कर्मचारी की शादी छह दिन पूर्व हुई थी, लेकिन उसे क्या मालूम था कि जिस लड़की से वह जीवन भर के बंधन में बंधने जा रहा है, वह जालसाज और लुटेरी निकलेगी। लुटेरी दुल्हन ने ससुरालीजनों को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया और नकदी व जेवरात को एक बैग में भरकर चंपत हो गई। दुल्हन के बैग लेकर भागने का सीन सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली चरखारी में मुकदमा दर्ज कराया गया है और पुलिस चालबाज महिला की तलाश में जुट गई है।
कस्बा चरखारी निवासी अरविंद खरे नगर पालिका चरखारी में संविदा सफाई कर्मचारी पद पर कार्यरत है। पीड़ित ने बताया कि 14 मार्च को उसकी शादी बाबूलाल तिवारी निवासी कुसियारी भटियार जिला मिर्जापुर की पुत्री के साथ महोबा के बड़ी चंद्रिका देवी मंदिर में हिन्दू रीति रिवाज के साथ हुई थी। पूरा परिवार शादी से खुश था और नई नवेली दुल्हन के व्यवहार से सभी लोग काफी प्रसन्न थे। दुल्हन ने अपने व्यवहार से दो तीन दिन में ही सभी को अपने वश में कर लिया था
पीड़ित ने बताया कि शादी के छह दिन बाद ही चालबाज पत्नी ने ससुरालीजनों को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे सभी लोग बेहोश हो गए। मौके के फायदा उठाकर वह शादी में मिले गहने और नकदी लेकर फरार हो गई। जब परिजनों को होश आया तो नकदी और जेवरात सहित दुल्हन के फरार होने की सूचना कोतवाली चरखारी में दी। सीसीटीवी में नकदी और जेवरात से भरा बैग लेकर जाती दुल्हन की फुटेज भी पुलिस ने हासिल कर ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी दुल्हन को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
