लखनऊ : बेमौसम बारिश से लौटी ठंड, 12 घंटों में 18 एमएम बारिश

राजधानी में 18 एमएम बारिश से बढ़ी ठंड, आज भी छाए रहेंगे बादल, होगी बारिश

लखनऊ : बेमौसम बारिश से लौटी ठंड, 12 घंटों में 18 एमएम बारिश

लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी में सोमवार को झमाझम बारिश हुई। सोमवार को (सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे) के बीच 12 घंटों के दौरान 18 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश की वजह से दिन के तापमान में 6.5 डिग्री की गिरावट जबकि न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री की बढ़त दर्ज की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को दिन के अधिकांश समय बादल छाए रहेंगे और दो से तीन बार हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।

लखनऊ के आसपास रविवार रात 2:30 बजे से शुरू हुई बारिश सुबह 5 बजे तक होती रही। इसके बाद सोमवार दोपहर में कई जगहों पर बौछार व बूंदाबांदी हुई। बारिश की वजह से दिन के तापमान में अप्रत्याशित गिरावट हुई। दिन का अधिकतम तापमान 6.5 डिग्री की गिरावट के कारण 23.1 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री की बढ़त के साथ 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बुधवार से बढ़ेगा पारा, शुक्रवार को होगी बारिश

आंचलिक विज्ञान केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक मो. दानिश ने बताया कि वर्तमान साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर 21 मार्च की रात तक समाप्त हो जाएगा। 22 को आंशिक बादल छाए रहेंगे पर तापमान में 3 डिग्री तक बढ़त होने के आसार हैं। वहीं, 23 मार्च की रात एक और पश्चिमी विक्षोभ होगा, जिसके कारण 24 मार्च को भी आंशिक बादल छाए रहने के साथ एक से दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।

बारिश के कारण सड़कों पर लगा जाम

बारिश के कारण राजधानी की सड़कों पर वाहनों की गति पर ब्रेक लग गया। थम-थम कर चल रहे वाहनों के कारण सोमवार को राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर जाम लगा रहा। सुबह के समय सिविल अस्पताल रोड, सीएम आवास तिराहा, बालू अड्डा, फॉर्च्यून होटल चौराहा, यूपी टेक चौराहा, डालीगंज पुल, पुराना कोर्ट रोड आदि पर जाम लगा रहा। शाम में बालू अड्डा, सिकंदरबाग रोड सिविल अस्पताल रोड्, बर्लिंगटन चौक, हुसैनगंज मोड़ आदि पर भी जाम की स्थिति रही।

शाहजहांपुर में 79 एमएम रिकार्ड बारिश

सोमवार को प्रदेश समेत पूरे उत्तर-पश्चिमी भारत पर व्यापक असर देखने को मिला। पूर्वी उत्तर प्रदेश के शहरों में मूसलाधार बारिश देखने को मिली। वहीं दिन भर घने बादल छाये रहे और तापमान में अप्रत्याशित गिरावट दर्ज हुई। सोमवार को शाहजहांपुर में सर्वाधिक 79 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके बाद भदोही में 26.5, प्रयागराज में 22.6 , वाराणसी में 20 और राजधानी में 18 एमएम बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के सभी शहरों में तापमान 30 डिग्री से नीचे चला गया है। सोमवार को मुरादाबाद में सबसे कम 21.6 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान की बात करें तो फैजाबाद में सबसे कम 15.0 डिग्री और बिजनौर में 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मंगलवार की शाम से बारिश थम सकती है। बुद्धवार से तापमान में वृद्धि दर्ज होने की संभावना है। हालांकि 22 मार्च को भी अधिकांश शहरों में आंशिक बादल छाये रहेंगे।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : प्रदेश में समाजसेवी बेटियों, महिलाओं को दिया जायेगा ‘सुषमा स्वराज अवार्ड’