गोंडा: दोपहर बाद गोंडा पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी, जिले में अलर्ट 

पुलिस लाइन का हेलीपैड तैयार, सुरक्षा घेरे में जकड़ा विकास भवन 

गोंडा: दोपहर बाद गोंडा पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी, जिले में अलर्ट 

अमृत विचार, गोंडा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज जिले में होंगे। दोपहर दो बजे के करीब उनका हैलीकॉप्टर पुलिस लाइन में बने हेलीपैड पर लैंड करेगा। सीएम के आगमन को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शहर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सभी प्रमुख चौराहों पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

मुख्यमंत्री गोंडा समेत देवीपाटन मंडल के चारों जिलों के अफसरों के साथ मंडलीय समीक्षा बैठक करेंगे और विकास योजना की हकीकत परखेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर उसकी प्रगति का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री ढाई घंटे तक जिले में रहेंगे। इस दौरान वह प्रेस कांफ्रेंस को भी संबोधित करेंगे।
  
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को जिले के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान उनका करीब ढाई घंटे तक जिले में रहने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री 1:50 बजे पुलिस लाइन में बने हेलीपैड पर उतरेंगे और यहां से सीधे विकास भवन सभागार पहुंचेंगे। 2 बजे से 3:30 बजे तक उनका मंडलीय समीक्षा बैठक का कार्यक्रम है। इस समीक्षा में गोंडा जिले के अधिकारी मौजूद रहेंगे।‌ मंडल के अन्य 3 जिलों के अफसर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस बैठक से जुड़ेंगे।

 

समीक्षा बैठक खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री 15 मिनट तक मीडिया कर्मियों से बात करेंगे।  3:50 बजे मुख्यमंत्री निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के लिए रवाना होंगे और वह करीब 20 मिनट तक कॉलेज निर्माण का जायजा लेंगे और उसकी प्रगति देखेंगे। 4:20 बजे पर मुख्यमंत्री बलरामपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट‌ मोड पर है। पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड‌ सीएम के आगमन को लेकर तैयार किया जा चुका है। सुरक्षा एजेंसियों ने विकास भवन को घेरे में ले लिया है। विकास भवन में मुख्यमंत्री डेढ़‌ घंटे तक‌ रहेंगे और यहीं पर अफसरों संग मंडलीय‌ बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे।
 

प्रस्तावित विश्वविद्यालय स्थल का निरीक्षण भी कर सकते हैं सीएम 

मंगलवार को जिले के दौरे पर पहुंच रहे मुख्यमंत्री परसपुर ब्लॉक के डोमाकल्पी गांव में बनने जा रहे मां पाटेश्वरी देवी विश्वविद्यालय के प्रस्तावित स्थल का भी निरीक्षण कर सकते हैं।  हालांकि उनके मिनट टू मिनट कार्यक्रम में इस निरीक्षण को शामिल नहीं किया गया है लेकिन अफसरों का मानना है कि मुख्यमंत्री विश्वविद्यालय के प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करने जा सकते हैं। इसको लेकर भी तैयारी की जा रही है।

ये भी पढ़ें:- बाराबंकी: सड़क पर खड़े कंटेनर से टकराया दूसरा कंटेनर, चालक और हेल्पर की मौत