संभल: पुलिस चौकी के पास टेलर की आंखों में मिर्च झोंककर चाकू घोंपा
सरायतरीन में मीट नहीं खरीदने पर दो भाइयों ने दिया घटना को अंजाम, मंगलवार की सुबह दुकान पर जाते समय पीठ पर किया वार, परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर, घायल का जिला अस्पताल में किया गया उपचार
जिला अस्पताल में घायल टेलर के गुस्साए परिजन।
संभल, अमृत विचार। हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन में मीट नहीं खरीदने की रंजिश को लेकर दो भाइयों ने टेलर पर पुलिस चौकी के पास जानलेवा हमला किया। दुकान पर जा रहे टेलर की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर पीठ में चाकू घोंप कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन घायल को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
सरायतरीन के मोहल्ला नवादा निवासी दिलशाद की साली तैयबा की मंगनी 15 मार्च को हुई थी। बताते हैं कि दिलशाद की सास गुड्डो ने दावत के लिए दानिश से मीट लिया था। जबकि पीलाखदाना निवासी युवक से मीट नहीं लिया। इसी बात को लेकर दिलशाद और मीट विक्रेता युवक के बीच कहासुनी हुई थी। उस समय लोगों ने बीच-बचाव करा दिया था। दिलशाद का छोटा भाई जुनैद टेलर है।
मंगलवार सुबह 10 बजे जुनैद दुकान पर जा रहा था। सरायतरीन पुलिस चौकी से करीब 25 मीटर पहले पीलाखदाना निवासी युवक और उसके भाई ने घेर लिया। दोनों ने टेलर की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका। इसके बाद युवक ने टेलर पर चाकू से हमला किया जबकि भाई उसे पकड़ रखा था। पीठ में चाकू लगने से टेलर घायल हो गया। चीख सुन आसपास के लोग एकत्र हो गए। इस बीच आरोपी भाग गए। सूचना पर पहुंचे परिजन खून से लथपथ टेलर को थाने ले गए। इसके बाद उसका जिला अस्पताल में उपचार कराया गया।
न पलटता तो पेट में घुस जाता चाकू
जिला अस्पताल में घायल टेलर को लेकर पहुंचे परिजनों ने जानलेवा हमले की जानकारी दी। बताया कि आरोपी दोनों भाइयों ने जब हमला किया तब लोगों की आवाजाही जारी थी। आरोपियों ने चाकू पेट में मारने की कोशिश की थी। लेकिन ऐन वक्त पर जुनैद घूम गया और चाकू उसकी पीठ में लगा। यदि वह नहीं पलटता तो चाकू उसके पेट में घुस जाता।
ये भी पढ़ें:- संभल: कोल्ड स्टोर शेड की हालत जर्जर, सीलन के साथ ही झांकने लगीं सरिया
