मुरादाबाद : कांग्रेस नेता ने कसा तंज, बोले- भाजपा को पसमांदा का मतलब ही नहीं पता
आईएमए भवन में हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम को संबोधित करते कांग्रेसी नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी।
मुरादाबाद, अमृत विचार। कांग्रेस के पश्चिम प्रांत अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मुस्लिमों को लुभाने के लिए लगातार पसमांदा सम्मेलन कर रही है। लेकिन, उनके नेताओं को इसका मतलब ही नहीं पता। इसका अर्थ मुस्लिम, सिख व इसाई से नहीं है। इसमें जाति से कोई मतलब नहीं है। कहा कि कांग्रेस ने सीएए व एनआरसी के खिलाफ धरने दिया। किसानों के आंदोलन में सिर्फ राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के नेता आए।
मंगलवार को शहर के कचहरी स्थित आईएमए हाल में जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से हाथ से हाथ जोड़ो कार्यकर्ता सम्मेलन के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश के सह प्रभारी प्रदीप नरवाल व उत्तर प्रदेश पश्चिम प्रांत अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी रहे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3700 किमी की भारत जोड़ो यात्रा देश की एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव के लिए की। अब कांग्रेस हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा कर उनका संदेश जन-जन तक पहुंचा रही है।
भाजपा पर हमला बोलते हुए प्रदीप नरवाल ने कहा कि सत्ता की लड़ाई लड़ना, सत्य को बार बार कहते रहना है। भारतीय जनता पार्टी झूठ को बार-बार कहकर उसे सच साबित करने पर तुली है। कांग्रेस ने छह मुख्यमंत्री मुस्लिम बनाए, हर वर्ग को सम्मान दिया है। कहा कि सपा व बसपा अपने परिवार के अलावा किसी को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी।
सम्मेलन के बाद कांग्रेसियों ने कचहरी से डिप्टी गंज चौराहा, बारादरी, इकबाल बिल्डिंग, ख्वाजा नगरी, काठ की पुलिया और तहसील स्कूल तक हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा निकालकर जनसंपर्क किया। इस दौरान राहुल गांधी का संदेश पत्र और भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार के विरुद्ध आरोप पत्र वितरित किए गए। इस मौके पर डॉ. संजीव शर्मा, सचिन चौधरी, चौधरी सुखराज सिंह, जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद, महानगर अध्यक्ष अनुभव महरोत्रा, अजय सारस्वत सोनी, अनूप दुबे, शकील चौधरी, असद मौलाई, पूर्व विधायक मोहम्मद उल्लाह चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष पंडित देशराज शर्मा, अहमद खान, आनंद मोहन गुप्ता, अफजल साबरी, इरम कदीर व शकील सरवर हाशमी शामिल रहे।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : युवती को बाथरूम में ले जाकर किया दुष्कर्म, रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू
