मुरादाबाद : बैंक लोन दिलाने के बहाने भाई ने हड़प ली जमीन, मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्जी दस्तावेज के जरिये पीड़ित का पुत्र बना प्रपौत्र

मुरादाबाद, अमृत विचार। भोजपुर थाना क्षेत्र निवासी वृद्ध की जमीन साजिश के तहत हड़प ली गई। साक्ष्य व पीड़ित के दावे को आधार बनाकर कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। सिविल लाइंस पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपों की जांच शुरू कर दी है।

भोजपुर थाना क्षेत्र में देवीपुरा गांव के रहने वाले चेतराम ने कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई। 62 वर्षीय वृद्ध ने कोर्ट को बताया कि सगे भाई झंडू सिंह व उसके पौत्र नरेंद्र सिंह, पुत्रवधु सुनहरी देवी और गांव श्यामपुर हाथीपुर निवासी ओमप्रकाश व उसके बेटे अवनीश ने साजिश के तहत उनके नाम की भूमि का बैनामा करा लिया। पीड़ित के अनुसार, सरकारी ऋण दिलाने के बहाने आरोपी उन्हें अपने साथ मुरादाबाद ले गए।

 यहां आरोपियों ने उनकी भूमि का बैनामा अपने नाम करा लिया। बैनामा से पूर्व आरोपियों ने फर्जी अभिलेख भी तैयार कराए। बैनामा में आरोपी नरेंद्र सिंह ने खुद को चेतराम का पुत्र बताया, जबकि वह चेतराम के भतीजे मित्रपाल का पुत्र है। 2018 में हुई धोखाधड़ी का पता वृद्ध को बाद में चला।

 तब उन्होंने पुलिस से शिकायत की। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस गजेंद्र सिंह ने बताया कि धोखाधड़ी के आरोप में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : छेड़खानी व दहेज उत्पीड़न में जेठ समेत ससुराल वालों पर मुकदमा

संबंधित समाचार