मैं कांग्रेस नेताओं को नहीं, जनता को जवाब दूंगा: ज्योतिरादित्य
इंदौर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया पर कांग्रेस द्वारा लगातार बोले जा रहे बयानी हमले पर उन्होंने आज कहा मैं कांग्रेस को नहीं, जनता के प्रश्नों का जवाब दूंगा। सिंधिया ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस मध्यप्रदेश में सत्ता हाथ से चले जाने से छटपटा …
इंदौर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया पर कांग्रेस द्वारा लगातार बोले जा रहे बयानी हमले पर उन्होंने आज कहा मैं कांग्रेस को नहीं, जनता के प्रश्नों का जवाब दूंगा।
सिंधिया ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस मध्यप्रदेश में सत्ता हाथ से चले जाने से छटपटा रही है। उन्होंने कहा कि मैं पहले भी जनता की आवाज उठाता रहा हूँ। अब भी उठाता रहूंगा। कांग्रेस में रहते जनमुद्दों को अनसुना किये जाने पर साथियों के साथ ऐतिहासिक निर्णय लेकर भाजपा में शामिल हो गया।
उन्होंने कहा मेरे पहले मेरी दादी ने भी सत्य का रास्ता अपनाया था, पिताजी ने भी सत्य का झंडा उठाया, मैंने भी सत्य का दामन थामा हैं। उन्होंने कांग्रेस द्वारा किये जा रहें निजी हमलों से जुड़े एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि उनसे यही अपेक्षा थी। उन्होंने दोहराया कि मैं कांग्रेस के प्रति नहीं,जनता के प्रति जवाबदेह हूँ।
सिंधिया ने यहां भाजपा के शीर्ष नेतृत्व सहित राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का नाम लेते हुए कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहीं हैं। उन्होंने जम्मू कश्मीर, राम मंदिर के मुद्दे पर केंद्रीय नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा देश में सवा सौ करोड़ देशवासियों की लोकप्रिय सरकार हैं।
सिंधिया के यहां विमानतल पहुँचने पर उनसे जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा संगठन के पदाधिकारी मिलने पहुँचे। सिंधिया सड़क मार्ग से उज्जैन के लिए रवाना हो गए।
