बांदा: पत्नी के शराब पीने से आजिज पति ने ही पत्नी की गला घोंटकर की थी हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Ankit Yadav
On

फतेहगंज थाना क्षेत्र के बघोलन गांव का मामला

अमृत विचार, बांदा। फतेहगंज थाना क्षेत्र के बघोलन गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मौत पर पति का कहना था कि उसकी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हुई है। पुलिस ने मामले को संदिग्धता के घेरे में लेते हुए उसका दो डाक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी गला घोंटकर हत्या करने की पुष्टि की गई। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए पति को गिरफ्तार कर लिया। पति का कहना था कि उसकी पत्नी शराब पीती थी। इसी से अक्सर विवाद होता था।

बदौसा थाना क्षेत्र के बघोलन गांव के मजरा कुरूह गांव निवासी बृजरानी (30) पत्नी प्यारेलाल खैरवार की सोमवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पति ने गांव में अफवाह फैला दी थी कि उसकी पत्नी की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई है। उधर पति ने मीडिया वालों को बताया था कि उसकी पत्नी ने कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। दो डाक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि बृजरानी की गला घोंटकर हत्या की गई है।

मृतका के पिता ने पति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीओ अतर्रा जियाउद्दीन अहमद और थाना प्रभारी ने प्यारेलाल को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछतांछ में पति ने सारा राज उगल दिया। पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक ने मीडिया से रूबरू होकर बताया कि बृजरानी अधिक शराब पीती थी। इसी बात को लेकर पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी बृजरानी अधिक शराब पिये थी। इसी बात को लेकर दोनो के बीच विवाद हो गया। गुस्से में पति ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। 

पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने अफवाह फेलाई थी कि आकाशीय बिजली गिरने से बृजरानी की मौत हो गई। पति ने पुलिस को यह भी बताया कि उसकी पत्नी उससे कोई मतलब नहीं रखती थी। इससे आए दिन उसका पत्नी से विवाद होता था। पुलिस टीम में उप निरीक्षक ननकू लाल सोनकर, कांस्टेबल विमलेश सरोज, शैलेंद्र यादव आदि शामिल रहे। 

ये भी पढ़ें:- प्रयागराज: माफिया अतीक के साढू की 300 बीघे के प्लाट पर चला बुलडोजर

संबंधित समाचार