मेरठ: पूर्व मंत्री की संपत्ति का कुर्क करने की कार्रवाई शुरू, नौ करोड़ कीमत के खेत किए कुर्क
मेरठ, अमृत विचार। पूर्व मंत्री हाजी याकूब की संपत्ति को कुर्क करने की पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को पहले राउंड में खरखौदा थाना क्षेत्र में हाजी याकूब की पत्नी संजीदा बेगम के नाम पर दर्ज नौ करोड़ कीमत के दो खेतों को कुर्क किया गया। पुलिस ने खेतों पर कुर्की की कार्रवाई कर सरकारी बोर्ड लगा दिया।
सीओ किठौर रुपाली राय ने बताया कि पूर्व मंत्री हाजी याकूब, उनकी पत्नी संजीदा बेगम व दोनों बेटों पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की गई थी। पूर्व मंत्री वर्तमान में सोनभद्र जेल में बंद है। जबकि, दोनों बेटों फिरोज व इमरान को जमानत मिल चुकी है। पुलिस ने पूर्व मंत्री को अवैध तरीके से अर्जित की गई संपत्ति को कुर्क करने के लिए सोनभद्र जेल में नोटिस भेजा था।
गुरुवार को डीएम के आदेश पर पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई शुरू की। पहले राउंड में पुलिस ने खरखौदा स्थित दो खेतों पर कुर्की की कार्रवाई की। जिनकी, कीमत लगभग नौ करोड़ है। यह दोनों खेत पूर्व मंत्री हाजी याकूब की पत्नी संजीदा बेगम के नाम पर है। पुलिस ने यहां सरकारी बोर्ड लगाकर मुनादी कराई। सीओ रुपाली राय ने बताया कि पूर्व मंत्री की 31.77 करोड़ की संपत्ति कुर्क की जानी है। जिनमें, स्कूल, कोठी, लग्जरी गाड़ी, अस्पताल आदि शामिल है। शुक्रवार को दूसरी संपत्ति कुर्क की जायेगी।
यह भी पढ़ें- मेरठ में छज्जा गिरने से 12 वर्षीय बच्ची की मौत, दो बच्चे घायल
