मेरठ : प्रेमी के साथ मिलकर मां ने की दो बच्चों की हत्या, शव नहर में फेंके

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मेरठ, अमृत विचार। मेरठ में चार साल के प्रेम में खैरनगर निवासी निशा बेग ने अपने प्रेमी की खातिर ममता का गला घोंट दिया। महिला ने अपने दोनों बच्चों की प्रेमी के साथ मिलकर गला दबा कर हत्या कर दी। शवों को नहर में फेंक दिया गया। खौफनाक वारदात को दोनों की जुबानी सुनकर पुलिस व परिजनों के होश उड़ गए। पुलिस दोनों बच्चों के शवों की तलाश में जुट गई है। प्रेमी युगल का वारदात में मोहल्ले की दो महिलाओं समेत चार लोगों ने साथ दिया। 

पूर्व पार्षद सऊद फैजी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। उसके पिता कोर्ट में पेशकार थे। पार्षद बनने के बाद सऊद ने काफी धन अर्जित किया। चार साल पहले उसकी मुलाकात निशा बेग से हो गई। जिसके बाद सऊद ने अपनी पत्नी को छोड़ दिया और निशा से करीबी रिश्ते बना लिए। निशा का पति शाहिद लालकुर्ती में जूते की दुकान पर नौकरी करने चला जाता था और बच्चे स्कूल। दिनभर सऊद निशा के घर पर रहता था। दोनों की प्रेम कहानी की गवाह मोहल्ले की दो महिला और दो युवक थे। उक्त सभी का खर्च पूर्व पार्षद उठाता था। पूर्व पार्षद निशा से निकाह करना चाहता था। उसने निशा के साथ मिलकर ही उसके बच्चों को मारने की योजना बनाई थी। 

निशा प्यार में इतनी अंधी हो गई कि उसने अपने दस साल के बेटे मेराब और छह साल की बेटी कोनेन की हत्या कर दी। हत्या के बाद शवों को नहर में फेंक दिया गया। साथ ही बच्चों के गायब होने की पुलिस को सूचना दी। दिनभर पुलिस बच्चों की तलाश में सीसीटीवी कैमरे खंगालती रही। पूर्व पार्षद एक सीसीटीवी में नजर आया तो पुलिस को शक हुआ। गुरुवार की आधी रात के बाद सख्ती से पूछताछ में सऊद टूट गया। उसने निशा के साथ मिलकर बच्चों की हत्या करने की बात कबूल की। पुलिस भोला झाल की नहर पर बच्चों के शवों की तलाश में जुट गई है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि मां ने प्रेमी के साथ मिलकर बच्चों की हत्या की।

ये भी पढ़ें : मेरठ: पूर्व मंत्री की संपत्ति का कुर्क करने की कार्रवाई शुरू, नौ करोड़ कीमत के खेत किए कुर्क

संबंधित समाचार