अयोध्या: बेच रहे थे ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली जींस और शर्ट, एजेंसी कर्मियों ने तीन दुकानों से पकड़वाई बड़ी खेप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। ब्रांडेड रेडीमेड कपड़ा कंपनी की ओर से फर्जीवाड़ा रोकने के लिए लगायी गई सर्वे व निगरानी टीम ने जिला मुख्यालय स्थित कोठापार्चा इलाके स्थित दुकानों से एक ब्रांडेड कंपनी की नकली जींस और शर्ट की बड़ी खेप पकड़वाई है। ब्रांडेड कंपनी के नकली लोगो भी बरामद हुए है। मामले में घंटों चली कार्रवाई के बाद कंपनी के अलग-अलग अधिकारियों ने तीन दुकानदारों के खिलाफ कॉपी राइट और ट्रेड मार्क अधिनियम के तहत नामजद केस दर्ज कराया है। 

बताया गया कि रेडीमेड वस्त्र के क्षेत्र की एक ब्रांडेड कंपनी को बाजारों में नकली माल की सप्लाई तथा निर्माण की शिकायत मिल रही थी।  जिसको लेकर कंपनी ओर से सर्वे तथा निगरानी और कार्रवाई के लिए हरियाणा के गुड़गांव की नेत्रिका कंसल्टिंग इण्डिया प्राइवेट लिमिटेड को जिम्मेदारी दी गई थी। कंसल्टिंग कंपनी की ओर से अधिकारियो और कर्मचारियों से छानबीन तथा बाजार का सर्वे कराया गया तो पता चला कि जिला मुख्यालय पर ब्रांडेड कंपनी के नकली जींस पैंट और शर्ट की थोक बिक्री ही नहीं की जा रही है बल्कि नकली जींस पैंट और शर्ट की खेप भी तैयार कराई जा रही है। कंसल्टिंग कंपनी के अधिकारियों ने पूरे प्रकरण की जानकारी रेडीमेड वस्त्र कंपनी प्रबंधन को दी तो कंपनी प्रबंधन ने कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद टीम  के लोग हरियाणा से यहाँ पहुंचे।  

तीन प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई 
कंसल्टिंग कंपनी के टीम लीडर महेश सिंह के साथ पुलिस ने कोतवाली नगर के टाटशाह मस्जिद कोठा पार्चा स्थित शिव गारमेंट्स से लिवाइस कंपनी की नकली 19 शर्ट, 5 जींस और 3 टीशर्ट बरामद किया। कंपनी के सहायक प्रबंधक ने अपनी टीम के साथ इसी क्षेत्र में स्थित हरीश होजरी से 80 सेट नकली जींस और शर्ट तथा 38 कपड़े का नकली लोगो और दूसरे टीम लीडर अखिलेश कुमार ने पुलिस व् अपनी टीम के साथ कोठापार्चा स्थित आदिल होजरी से लिवाइस कंपनी के 66 सेट नकली जींस पैंट और शर्ट बरामद किया। तीनों मामलों में कंसल्टिंग कंपनी के अधिकारियों ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के लिए तहरीर नगर कोतवाली पुलिस को दी है।  

शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी नगर शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि कंसल्टिंग कंपनी के अधिकारियों ने बाजार का सर्वे कर जानकारी हासिल करने के बाद जिला पुलिस से कार्रवाई  में मदद और सुरक्षा के लिए पुलिस बल की मांग की थी। जिसको लेकर पुलिस की टीम लगाई गई थी। उन्होंने बताया कि रात में घंटों चली कार्रवाई के बाद कंसल्टिंग कंपनी के सहायक प्रबंधक आनंद कुमार की शिकायत पर टाटशाह मस्जिद कोठा पार्चा स्थित हरीश होजरी के प्रोप्राइटर मुकेश कुमार निवासी रामनगर चौराहा कोतवाली नगर, टीम लीडर महेश सिंह की तहरीर पर शिव गारमेंट्स के प्रोपराइटर शिव कुमार तथा कंसल्टिंग कंपनी के दूसरे टीम लीडर आखिलेश कुमार की तहरीर पर आदिल होजरी के प्रोप्राइटर मो आदिल निवासी नौघड़ा राठ हवेली कोतवाली नगर के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट और ट्रेड मार्क अधिनियम के तहत नामजद केस दर्ज किया गया है। दर्ज मामलों की विवेचना कराई जा रही है।

यह भी पढ़ें:-राहुल गांधी की सदस्यता रद्द किए जाने पर भड़के अखिलेश यादव कहा- 'समाजवादियों के साथ पहले हो चुका'

संबंधित समाचार