राहुल की सदस्यता: कांग्रेस मुख्यालय में बड़ी बैठक खत्म, मौजूद रहे सोनिया और खड़गे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के बाद आगे की रणनीति तय करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक खत्म हो गई है।

पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और कांग्रेस के कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। 

बता दें, केरल की वायनाड संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत द्वारा वर्ष 2019 के मानहानि के एक मामले में सजा सुनाये जाने के मद्देनजर शुक्रवार को लोकसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य ठहरा दिया गया।

लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि उनका अयोग्यता संबंधी आदेश 23 मार्च से प्रभावी होगा। अधिसूचना में कहा गया है कि उन्हें (राहुल गांधी) संविधान के अनुच्छेद 102 (1) और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 8 के तहत अयोग्य घोषित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि सूरत की एक अदालत ने ‘‘मोदी उपनाम’’ संबंधी टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ 2019 में दर्ज आपराधिक मानहानि के एक मामले में उन्हें बृहस्पतिवार को दोषी ठहराया तथा दो साल कारावास की सजा सुनाई। 

ये भी पढ़ें- राहुल गांधी मामले में भोपाल में प्रदर्शन, कांग्रेस नेताओं की आईं तीखी प्रतिक्रियाएं

संबंधित समाचार