संभल : आंधी-बारिश से मकानों पर गिरा पेड़, दो बच्चों समेत पांच घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

घायलों को निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती

संभल/कैला देवी, अमृत विचार। आंधी और बारिश के दौरान कैला देवी थाना क्षेत्र में गिरे बरगद के पेड़ ने दो मकानों को चपेट में ले लिया। मलबे से दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। महिला की हालत गंभीर बनी है।

कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव करनपुर कायस्थ में लाखन सिंह और अम्बरीश कुमार के मकान आसपास हैं। शुक्रवार देर रात आई आंधी और बारिश के दौरान पास में खड़ा बरगद का पेड़ दोनों मकानों पर गिर गया। मलबे की चपेट में आकर अंबरीश, उसकी मां माया देवी, बेटा बबलू और बेटी पूजा के अलावा लाखन सिंह की पत्नी प्रेमवती घायल हो गईं।

 इसकी चपेट में आकर पड़ोस के अतर सिंह के मकान का दरवाजा और दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। तेज आवाज होने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को मलबे से निकाला। इसके बाद उन्हें गांव सौंधन मोहम्मदपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में माया देवी की हालत गंभीर बनी है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: मालगाड़ियों के कारण अब लेट नहीं होंगी यात्री ट्रेनें, टाइम पर मंजिल तक पहुंचेंगे यात्री

संबंधित समाचार