अयोध्या: सामुदायिक शौचालय में बंद रहता है ताला, खुले में शौच को मजबूर ग्रामीण
पूराबाजार, अयोध्या। स्वच्छता अभियान को जिम्मेदार ही पलीता लगा रहे हैं। नारा है कि एक कदम स्वच्छता की ओर लेकिन सामुदायिक शौचालय में ताला बंद रहता है। मजबूरन ग्रामीणों को खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। विकासखंड पूरा बाजार के ग्राम पंचायत जलालुद्दीन नगर निर्मित सामुदायिक शौचालय केयरटेकर की लापरवाही से बंद रहता है। गांव के हीरालाल, राम नयन ने बताया कि सामुदायिक शौचालय अक्सर बंद रहता है। सुबह उठकर जब हम लोग जाते हैं तो बंद ही मिलता है। जिसकी जानकारी ब्लॉक के अधिकारियों को दी गई लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई।
इस संबंध में जब केयर टेकर माधुरी से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि 3 माह से सामान और मानदेय का पैसा नहीं आया है। अपने पास से पैसा लगाकर सामान की खरीदारी की जा रही है। जिसकी जानकारी सचिव प्रधान समेत ब्लॉक के अधिकारियों को भी है।
एडीओ पंचायत पूरा बाजार धनजीत ने बताया कि सोमवार तक मानदेय और सामान के लिए आने वाले पैसे का भुगतान केयरटेकर के खाते में कर दिया जाएगा। रही बात सामुदायिक शौचालय के बंद होने की तो जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर केयरटेकर के विरुद्ध कार्यवाही होगी। उन्होंने बताया कि सामुदायिक शौचालय को सुबह 5 बजे से 10 बजे तक और शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहना चाहिए।
यह भी पढ़ें:-उमेश पाल हत्याकांड: Ateek Ahmed को लाने के लिए साबरमती जेल पहुंची UP पुलिस, सड़क के रास्ते लाया जा सकता है प्रयागराज
