Video: लखनऊ में ठेला संचालक पर दरोगा ने बरसाये थप्पड़, बोले अखिलेश- ‘क्या यही है भाजपा का अमृत काल?’
लखनऊ के गौतमपल्ली कोतवाली क्षेत्र के 1090 चौराहे का शुक्रवार देर रात का बताया जा रहा वीडियो
लखनऊ, अमृत विचार। विधि व्यवस्था कायम करने के नाम पर गरीब जनता पर बर्बरता करना तो लखनऊ पुलिस का कॉमन ट्रेंड बन गया है। शनिवार को सोशल मीडिया पर एक दरोगा का गरीब ठेले वाले पर तमाचे बरसाते हुए वीडियो वायरल हो रहा है।
वहीं वीडियो को ट्विटर पर शेयर करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि ‘क्या यही है भाजपा का अमृत काल?’। फिलहाल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी दरोगा की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
देखो उप्र पुलिस का सरेआम अत्याचार
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) March 25, 2023
सत्ताधारी जिसे कहते हैं ‘अमृत-काल’
क्या यही है उप्र में ‘ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस’ का प्रमाण। pic.twitter.com/rI05vHWD2x
वायरल वीडियो के अनुसार, शुक्रवार देर रात 1090 चौराहे पर पहुंची पुलिस वहां दुकान लगाये ठेला संचालकों को जाने के लिए बोलने लगी। पुलिस के कहने पर सभी ठेले वाले चुपचाप वहां से जाने लगे। पर इतने में ही एक दरोगा ने ठेला लेकर जा रहे एक युवक के पास जाकर उसपर ताबड़तोड़ तमाचे बरसाने शुरू कर दिया। इसके बाद गरीब ठेला चालक चुपचाप वहां से निकल गया। इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
लखनऊ कमिश्नरेट ने कहा मामले की जांच होगी
इधर वीडियो के वायरल होने के बाद शनिवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस वीडियो को अपने ट्विटर अकाउंट से शेयर करते हुए सरकार पर तंज कसा और कहा कि क्या यही है भाजपा का अमृतकाल। अखिलेश यादव के ट्वीट का संज्ञान लेते हुए लखनऊ कमिश्नरेट के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से मामले में अविलंब कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
आरोपी दरोगा का बचाने के प्रयास में अधिकारी
वायरल वीडियों में राउडी दरोगा का चेहरा साफ नजर आ रहा है, इसके बावजूद आला अधिकारी उसे बचाने में लगे हुए हैं। मामले को लेकर गौतमपल्ली प्रभारी से कई बार दरोगा का नाम बताने को कहा गया, पर उन्होंने कहा कि दरोगा को पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:-उमेश पाल हत्याकांड: Ateek Ahmed को लाने के लिए साबरमती जेल पहुंची UP पुलिस, सड़क के रास्ते लाया जा सकता है प्रयागराज
