बहराइच: राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित महिला ने दी मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह की चेतावनी, जानें वजह
बहराइच, अमृत विचार। जिले में महिलाओं के हक के लिए लड़ने वाली भानमती आज अपने हक के लिए दर दर भटक रही है। राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित महिला के जमीन को लेखपाल ने पैमाईश कर पट्टे से बाहर कर दिया है। इसके लिए महिला पुलिस और तहसील प्रशासन के लिए चक्कर लगा रही है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। अब उसने रोते हुए सीएम आवास के सामने सिर पटकर जान देने की बात कही है।
बहराइच जनपद के थाना सुजौली क्षेत्र के वनग्राम टेढ़ीया नई बस्ती निवासी भानमती किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। बहराइच में महिलाओं के हक में आवाज उठाने वाली भानमती को पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। लेकिन आज भानमती देवी अपने पट्टे की भूमि के लिए दर दर भटक रही है, उनकी आवाज कोई नही सुन रहा है।

एक समय में महिलाओं को उनका हक दिलाने में व गांव में लोगो को शिक्षा से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उनको पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी द्वारा दिल्ली में सम्मानित भी किया जा चुका है, मगर आज वह खुद अपनी हक के लिए लड़ रही है। भानमती का आरोप है कि तीन माह पूर्व चहलवा मे उनकी लगभग सात बीघा पट्टे की जमीन है, जिसपर उन्होंने गेंहू की फसल बोई थी।
लेकिन संबंधित लेखपाल ने भू माफियाओं से मिलकर उनकी भूमि की पैमाइश के दौरान बाहर निकाल दिया। जिसके बाद वह लगातार उच्च अधिकारियों के चक्कर काट रही है, लेकिन कोई सुनवाई नही हो रही है उनका कहना 10 वंर्षो से वह उस जमीन पर अन्न उगा रही है।
कृषि ही उनकी जीविका का एकमात्र सहारा है। यदि उनकी भूमि उन्हें जल्द वापस न कि गयी तो वह लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री आवास के सामने जान दे देंगी। इसके बाद वह रोने लगीं। उनका कहना है कि एसडीएम, सुजौली पुलिस के साथ कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। इस मामले में एडीएम मनोज कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। एसडीएम से वार्ता कर मामले की जांच कराई जायेगी।
ब्रांड एंबेसडर भी बनीं
महिलाओं के हक और शिक्षा की आवाज उठाने वाली भानमती को वर्ष 2012/13 में प्रदेश का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया गया था। वह गांव में शौचालय के प्रयोग के लिए लोगों को जागरूक कर रही थी। जिस पर प्रदेश सरकार ने उन्हें उत्तर प्रदेश का स्वच्छता का ब्रांड एंबेसडर बनाया था।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: राम मंदिर भवन निर्माण समिति की दो दिवसीय बैठक आज से
