America : कैलिफोर्निया के एक गुरुद्वारे में गोलीबारी, दो लोगों की मौत...पुलिस का हेट क्राइम से इनकार

America : कैलिफोर्निया के एक गुरुद्वारे में गोलीबारी, दो लोगों की मौत...पुलिस का हेट क्राइम से इनकार

न्यूयार्क (अमेरिका)। अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में स्थित एक गुरुद्वारे में दो लोगों को गोली मार दी गई है। अधिकारियों ने घटना का संबंध 'नफरती अपराध' से होने से इनकार किया है। सैक्रामेंटो काउंटी शेरिफ कार्यालय के प्रवक्ता सार्जेंट अमर गांधी के मुताबिक, गोलीबारी गुरुद्वारा सैक्रामेंटो सिख सोसाइटी में रविवार दोपहर ढाई बजे हुई। घटना गुरुद्वारे में पहले नगर कीर्तन के दौरान हुई। 

'सैक्रामेंटो बी' अखबार की खबर के मुताबिक, गांधी ने कहा कि गुरुद्वारे में दो व्यक्तियों के बीच लड़ाई होने लगी। उन्होंने कहा कि एक शख्स ने दूसरे व्यक्ति के मित्र को गोली मार दी। इसके बाद लड़ाई में शामिल दूसरे व्यक्ति ने अपने दोस्त को गोली मारने वाले शख्स को गोली मार दी और फरार हो गया। 'फॉक्स40.कॉम' पोर्टल की खबर के मुताबिक, गांधी ने कहा कि गोलीबारी की घटना का संबंध नफरती अपराध से नहीं है और यह दो लोगों के बीच हुए झगड़े का नतीजा है जो एक-दूसरे को पहले से जानते थे। 

गांधी ने कहा कि पहले दोनों व्यक्तियों में हाथापाई हुई और फिर गोलीबारी हुई। उन्होंने कहा कि एक संदिग्ध भारतीय पुरुष बताया जा रहा है। यह पूछे जाने पर कि क्या इस घटना से इलाके में किसी खतरे की आशंका है तो भारतीय मूल के पुलिस अधिकारी ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। घटना में जख्मी हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वे खतरे से बाहर हैं। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अधिकारियों को दो व्यक्तियों को हथकड़ी लगाकर ले जाते हुए देखा गया। हालांकि यह साफ नहीं है कि क्या यही लोग घटना में शामिल थे। 

ब्राजील के नाइट क्लब में गोलीबारी , तीन लोगों की मौत 
इधर,  ब्राजील में दक्षिणपूर्वी राज्य साओ पाउलों के साओ कार्लोस शहर के एक नाइट क्लब में हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गये है। स्थानीय पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार रात को हुई जब शराब के नशे में क्लब से बाहर निकाला गया एक व्यक्ति बंदूक लेकर लौटा और लोगों पर गोलियां चला दीं। गोलीबारी में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय पुलिस आयुक्त गिल्बर्टो एक्विनो ने कहा कि 36 वर्षीय हमलावर को ड्यूटी पर तैनात दो पुलिस अधिकारियों ने गोली मार दी थी। श्री एक्विनो ने बताया कि क्लब से निकाले जाने के बाद हमलावर हेलमेट पहने हुए कार से पार्टी में लौटा और गोलीबारी शुरू कर दी। 

ये भी पढ़ें :  'सुपर कंडक्टर' कैसे काम करते हैं, प्रतिरोध मुक्त बिजली क्या है?