अयोध्या: परिषदीय विद्यालयों में बच्चों का रिपोर्ट कार्ड बनाने में कालम बने संकट, जानें वजह
पहले भरे जाते थे चार कालम अब भरने हैं दो, चार सत्रों में होने वाली परीक्षा हुई केवल दो में
अयोध्या,अमृत विचार। बेसिक शिक्षा परिषद से संचालित परिषदीय स्कूलों की वार्षिक परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं। अब 31 मार्च के पहले परीक्षाओं का परिणाम तैयार करके बच्चों के अभिभावकों को उनका रिपोर्ट कार्ड देना है, लेकिन इसमें बड़ी मुसीबत रिपोर्ट कार्ड में बने कॉलम बन गए हैं। परीक्षकों को समझ नहीं आ रहा है कि इन कॉलम में क्या नंबर दिये जाएं, क्योंकि इस बार दो सत्र परीक्षाओं का आयोजन ही नहीं हुआ है।
परिषदीय स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई की गुणवत्ता परखने के लिए अभी तक स्कूलों में कुल चार परीक्षाओं के आयोजन की व्यवस्था थी। इसमें तीन-तीन महीने पर सत्र परीक्षाएं और अर्द्धवार्षिक एवं वार्षिक परीक्षाएं होती थीं। यही कारण था कि अभी तक मिलने वाले रिपोर्ट कार्ड में चार कॉलम अलग-अलग परीक्षाओं में मिले अंक को देने के लिए बने रहते थे, लेकिन मौजूदा सत्र में स्कूलों में दो ही परीक्षाओं का आयोजन हुआ।
इसमें पहली गुणवत्ता परीक्षा और दूसरी वार्षिक परीक्षा। ऐसे में वार्षिक परीक्षा के बाद शिक्षकों को बनाने के लिए मिले रिपोर्ट कार्ड में पहले की तरह ही चार कॉलम हैं। ऐसे में परीक्षकों को समझ नहीं आ रहा है कि आखिर चार कॉलम में से दो कॉलम में कौन से नंबर भरें, क्योंकि इस बार तीन तीन महीने पर होने वाली सत्र परीक्षाओं का आयोजन नहीं हो रहा था।
शिक्षकों का कहना है कि इसे भरने और भेजने में दिक्कतें आ रहीं हैं ऐसे में समय से परीक्षा परिणाम दे पाना भी मुश्किल लग रहा है। बताया कि दुकानों पर भी चार कालम वाले रजिस्टर मिल रहे हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय का कहना है कि इस संबंध में शिक्षकों से सूचना मिली है, महानिदेशक स्कूली शिक्षा से मार्गदर्शन मांगा गया है।
यह भी पढ़ें:-प्रयागराज: बोले डीआईजी जेल- नैनी सेंट्रल जेल में नहीं रहेगा अतीक अहमद
