Kanpur में एक बार फिर दागदार हुई खाकी, दरोगा ने आवास पर बुलाकर की जबरदस्ती, वर्दी पहने महिला की फोटो वायरल
कानपुर में एक बार फिर दागदार खाकी हुई।
कानपुर के बिल्हौर थाने में तैनात दरोगा ने आवास पर बुलाकर महिला के साथ जोर-जबरदस्ती की। उधर, दरोगा की वर्दी पहने एक महिला की फोटो सोशल मीडियो में वायरल हो गई। पुलिस अधिकारियों ने दोनों घटनाओं को संज्ञान में लेकर दोनों दरोगाओं को निलंबित कर दिया।
कानपुर, अमृत विचार। बिल्हौर कोतवाली में तैनात दरोगा महेन्द्र सिंह पर रसूलाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने सोमवार को कई गंभीर आरोप लगाए। महिला ने एसीपी बिल्हौर से मामले की शिकायत करते हुए प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि बीते 24 मार्च को किसी मुकदमे के सिलसिले में कोतवाली में तैनात दरोगा महेन्द्र सिंह के पास वह मिलने आई थी। जिसके बाद दरोगा ने नंबर लेकर उससे फोन पर बातचीत करना शुरू कर दिया। दो दिन पूर्व वीडियो कॉल कर मुकदमा खत्म करने के एवज में कुछ रुपए की मांग की।
आरोप है,कि साथ ही अश्लील हरकत करने के लिए कहा। जिस पर उसने साफ मना कर दिया। आरोप है, कि इसके बाद दरोगा ने आवास पर बुलाया वहां पहुंचने पर दरोगा ने जबरदस्ती हाथ पकड़ लिया। उसने किसी तरह वहां से शोर शराबा करते हुए भागी। इसके बाद उसने उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद डीसीपी पश्चिम विजय ढुल ने मामले की जांच एसीपी बिल्हौर अलोक कुमार सिंह को सौपी। घटना के बाद एसपी बिल्हौर ने जांच मे सत्यता पाई। जिसके बाद दरोगा महेन्द्र सिंह को निलंबित कर दिया गया। महिला की तहरीर पर दरोगा के विरुद्ध बिल्हौर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।
दरोगा की वर्दी पहने महिला की फोटो वायरल, निलंबित
शहर के एक थाने में तैनात दरोगा जुगुल किशोर की अश्लील फोटो सोशल मीडिया में वायरल हो गई। वायरल फोटो में दरोगा की वर्दी पहने एक महिला नजर आ रही है। महिला ने दरोगा की वर्दी पहनकर रील बनाई। इसके बाद रील को उसने इंस्टाग्राम, वाट्सएप समेत अन्य सोशल साइट पर अपलोड कर दिया। जैसे ही मामला आलाधिकारियों के संज्ञान में आया तो चर्चा का विषय बन गया। सूत्रों के अनुसार दरोगा का पहले से भी कई तरह के गंभीर आरोप हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी मुख्यालय तेज स्वरूप सिंह ने जांच के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके बाद आगे विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
