केजीएमयू : जनरल सर्जरी विभाग के प्रो.पाहवा बने यूरोलॉजिकल एसोसिएशन ऑफ यूरोलॉजी के प्रदेश अध्यक्ष
लखनऊ, अमृत विचार। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) स्थित जनरल सर्जरी विभाग के प्रो. हरविंदर सिंह पाहवा को यूरोलॉजिकल एसोसिएशन ऑफ यूरोलॉजी (उत्तर प्रदेश ) का अध्यक्ष चुना गया है। डॉ. पाहवा को इस उपलब्धि पर केजीएमयू के कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. बिपिन पुरी ने बधाई दी है।
दरअसल, दो दिन पूर्व नोएडा में यूरोलॉजिकल एसोसिएशन ऑफ यूरोलॉजी का वार्षिक सम्मेलन UAUCON-2023 हुआ था। इसी सम्मेलन में प्रोफेसर हरविंदर सिंह पाहवा को अध्यक्ष चुना गया है। प्रो. हरविंदर सिंह पाहवा ने कहा है कि इस एसोसिएशन को और अधिक जीवंत और सक्रिय बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि मैं सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करूंगा और नया सदस्यता अभियान भी शुरू करूंगा। साथ ही उन्होंने यह भी बताया है कि एसजीपीजीआई और आरएमएल लखनऊ के सहयोग से केजीएमयू लखनऊ यूरोलॉजी चैप्टर के साथ केजीएमयू में अगले साल वार्षिक सम्मेलन UAUCON-2024 की मेजबानी करेगा। इसके अलावा यूरोलॉजी चैप्टर के लखनऊ चैप्टर को प्रोफेसर एसएन संखवार के चेयरमैनशिप के तहत सर्वश्रेष्ठ सिटी चैप्टर से सम्मानित किया गया, जबकि वाराणसी और गोरखपुर दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
यह भी पढ़ें : Right to Health Bill : राइट टू हेल्थ बिल पर बोले लखनऊ के डॉक्टर, कहा- राजस्थान सरकार जबरन थोपना चाह रही कानून
