लखनऊ: राजधानी में गुरुवार से फिर बूंदाबांदी के आसार, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम फिर लेगा करवट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ/ अमृत विचार। उत्तर-पश्चिमी भारत में बनी पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति के कारण अगले 24 घंटे में ही मौसम फिर करवट लेगा। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार (30 मार्च) से राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। पूर्वानुमान के मुताबिक 30 मार्च से 1 अप्रैल तक प्रदेश के अधिकांश शहरों में बूंदाबांदी हो सकती है।

वहीं, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बुधवार से बादल घिरना शुरू हो जाएंगे। गुरुवार एवं शुक्रवार को घने बादलों के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की अच्छी बारिश हो सकती है जबकि शनिवार को आंशिक बादल और दो से तीन बार बूंदाबांदी हो सकती है।

आंचलिक विज्ञान केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक मो. दानिश ने बताया कि बादल और बारिश के कारण लखनऊ व आसपास के क्षेत्रों में तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। 29 मार्च से 1 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 4 डिग्री तक गिर सकता है। वहीं 30 व 31 मार्च को न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़त होने से आंशिक उमस रहेगी। इसके बाद 1 अप्रैल को न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट होगी।

दिन में चटक धूप, शाम को चलीं ठंडी हवाएं
इधर सोमवार को श्हर में दोपहर के अधिकांश समय कड़क धूप रही। जिसके कारण गर्मी का एहसास रहा। वहीं शाम करीब 4 बजे से तेज हवा चलने से तापमान में गिरावट हुई और गर्मी से आंशिक राहत मिली। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री की आंशिक गिरावट के साथ 32.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री की गिरावट के साथ 18.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

संबंधित समाचार