Banda में Deputy CM Brajesh Pathak बोले- BJP सरकार में छह माह के अंदर Mafia Atiq Ahmed को उम्रकैद की सजा सुनाई गई
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक बांदा पहुंचें।
बांदा में जिला अधिवक्ता संघ के कार्यक्रम में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि बीजेपी सरकार में छह माह के अंदर माफिया अतीक अहमद को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। उधर, डिप्टी सीएम की एंट्री से पहले पुलिस ने पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष हाउस और आप नेता को अरेस्ट कर लिया।
बांदा, अमृत विचार। जिला अधिवक्ता संघ की नई कार्यकारिणी को जनपद न्यायाधीश कमलेश कच्छल ने हार्पर क्लब में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के कार्यक्रम में अधिवक्ताओं की समस्याओं के निराकरण करने की शपथ दिलाई। मंगलवार को माफिया डॉन अतीक अहमद समेत तीन आरोपियों को उम्रकैद की सजा के फैसले पर अपनी सरकार की पीठ थपथपाते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उनकी सरकार के रहते कई संगीन मामलों में छह माह के भीतर उम्रकैद व फांसी की सजा सुनाई गई। अदालतों में बहस कर ऐसे अपराधियों को सजा दिलवाने में अधिवक्ताओं का बड़ा सहयोग है।
अधिवक्ता संघ के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने वर्ष 2017 से पहले की सपा सरकार की गुंडई का जिक्र करते हुए कहा कि गाड़ियां असलहों से भरी होती थीं, लेकिन उनकी सरकार में किसी की दम नहीं है कि कोई अवैध शस्त्र लेकर भी निकल सके। अधिवक्ता समाज की राष्ट्र उत्थान में योगदान की चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री पाठक ने कहा कि समूचे समाज में अधिवक्ताओं का ही एक ऐसा समाज है, जो अपने से कहीं ज्यादा दूसरों की चिंता करता है। आजादी के आंदोलन की भी अधिवक्ता समाज ने अगुवाई की। अधिवक्ता समाज उस हारे हुए व्यक्ति को जीने की कला सिखाने का काम करता है।
इसके पूर्व प्रदेश के जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने कहा कि जिन साथियों के बीच उन्हें दो दशक तक काम किया, आज उन्हीं के शपथग्रहण समारोह में शामिल होने का मौका मिला है। इस पर वे गर्व महसूस करते हैं। सांसद आरके सिंह पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि कहा कि इस बार से कई अधिवक्ता शासन सत्ता तक पहुंचे। पूर्व मंत्री विवेक सिंह का बिना नाम लिये कहा कि आज वे हमारे बीच में नहीं हैं। सांसद ने जिला अधिवक्ता संघ के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
इससे पहले नटराज संगीत महाविद्यालय की छात्राओं ने भगवान राम के भजन पर सुंदर प्रस्तुति दी। शपथ ग्रहण समारोह में जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष राजेश दुबे, महामंत्री ओमप्रकाश सिंह गौतम समेत संघ के सभी पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्ष ब्रजमोहन सिंह, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह समेत सभी अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
डिप्टी सीएम की एंट्री से पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष हाउस अरेस्ट
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन खासा सतर्क दिखा। सरकार के विरोध में आवाज बुलंद करने की कोशिश करने वालों को पहले ही पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया और उन्हें उनके घरों या चौकियों में कैद कर दिया। हालांकि पुलिस ने जब कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रद्युम्न कुमार लालू दुबे को कटरा स्थित आवास पर नजरबंद किया तो कांग्रेसियों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने जिलाध्यक्ष के घर पर एकत्र होकर सड़क जाम कर दिया। इसके बाद पूर्व जिलाध्यक्ष साकेत बिहारी मिश्रा की अगुवाई में सरकार विरोधी नारेबाजी करते अशोक लाट पहुंच गए। जहां पुलिस ने सभी कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया और पुलिस वैन में भरकर पुलिस लाइन ले गए।

हालांकि डिप्टी सीएम का कार्यक्रम निपटने के बाद सभी को मुचलके पर रिहा कर दिया गया। जिलाध्यक्ष लालू दुबे ने पुलिस की इस कार्रवाई को सरकार के इशारे पर लोकतंत्र की हत्या करार दिया है। गिरफ्तारी देने वाले कांग्रेसियों में जिलाध्यक्ष लालू दुबे के अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष साकेत बिहारी मिश्रा, पूर्व विधायक शिरोमण भाई, सूरज बाजपेई, लक्ष्मीकांत मिश्रा प्रधान, लक्ष्मीनारायण गुप्ता, गजेंद्र सिंह पटेल, केशव पाल, संजय द्विवेदी दनादन, रमेश कोरी, भगवानदीन गर्ग, अफसाना शाह, धर्मेश सिंह, रफत खान गोगा, कैलाश बाजपेई, सोमचंद्र जाटव, जगदीश गुप्ता, राजेश गुप्ता पप्पू समेत तमाम कांग्रेसी शामिल रहे। उधर,डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मुलाकात कर जनसमस्याएं उठाने का ऐलान करने वाले आम आदमी पार्टी किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष बुंदेलखंड प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह चुनाले को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जहां दिन भर बैठे रहने के बाद उन्हें भी शाम को छोड़ दिया गया।
