अतीक अहमद को अन्य मामलों में भी दिलायेंगे कड़ी सजा : ब्रजेश पाठक
लखनऊ, अमृत विचार । उमेश पाल अपहरण मामले में अतीक अहमद को उम्रकैद की सजा का श्रेय सरकार की प्रभावी पैरवी को देते हुये उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि माफिया सरगना को अन्य आपराधिक मामलों में भी कड़ी सजा दिलायी जायेगी।
उपमुख्यमंत्री ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि राज्य की पूर्ववर्ती सरकारों ने अपराधियों एवं माफियाओं को संरक्षण प्रदान कर सूबे को अपराध की गर्त में धकेल दिया था। लोगों की जिंदगी नरक बन गई थी। आम आदमी ख़ौफ़ के साये में जी रहा था, लेकिन प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार आने के बाद गुंडों, अपराधियों और माफियाओं को मिट्टी में मिलाने का कार्य प्राथमिकता से किया गया।
उपमुख्यंत्री ने कहा कि इसी का परिणाम है कि माफिया अतीक अहमद को न्यायालय द्वारा उम्रकैद की सजा मिली। अतीक को उसके बाकी अन्य मुकदमों में भी सजा दिलाने में सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने सूबे का माहौल बदला है। कानून.ब्यवस्था में न सिर्फ सुधार हुआ है बल्कि विकास ने भी रफ्तार पकड़ी है। मुख्यमंत्री योगी ने देश.विदेश में बिगड़ी सूबे की छवि को सुधारने के साथ उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का बीड़ा उठाया है। इसी के तहत प्रदेश को सवांरने और विकास की मुख्य धारा में लाने का काम किया जा रहा है।
पिछले दिनों आयोजित बिजनेस मीट में विश्व के विभिन्न देशों के निवेशकों द्वारा रुचि दिखाना बदलते उत्तर प्रदेश का परिचायक है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी समिट में आये निवेश प्रस्तावों के अमली जामा पहनते ही राज्य की तस्वीर बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड का विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। यहां संचालित विकास योजनाओं के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।
उप मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री ने इसके पहले जिला अस्पताल का निरीक्षण किया और जन औषधि केंद्र में दवाओं की उपलब्धता जांची। उन्होंने जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीपी गर्ग से जिले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं पर विस्तार से जानकारी ली और खामियों में आवश्यक सुधार के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी को शीघ्र दूर किया जायेगा।
यह भी पढ़ें : राहत: पेयजल की समस्या का 24 घंटे होगा समाधान
