Ram Navami 2023 : Kanpur Police हाईटेक कैमरों से रखेगी शोभायात्रा की निगरानी, इन रूटों पर किया गया डायवर्जन
Ram Navami 2023 कानपुर में पुलिस ड्रोन और हाईटेक कैमरों से शोभायात्रा की निगरानी रखेगी।
Ram Navami 2023 कानपुर में पुलिस ड्रोन और हाईटेक कैमरों से शोभायात्रा की निगरानी रखेगी। वहीं, पुलिस कमिश्नर ने रावतपुर रामलला रूट का निरीक्षण किया। इसके साथ ही वाहन सवारों के लिए इन रूटों पर डायवर्जन किया गया।
कानपुर, अमृत विचार। Ram Navami 2023 रामनवमी के अवसर पर अतिसंवेदनशील क्षेत्र रामलला से निकलने वाली भव्य शोभायात्रा की निगरानी ड्रोन से की जाएगी। इसको लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस ने हाईटेक कैमरे लगवाए हैं। पुलिस कमिश्नर ने अलाधिकारियों के साथ पहुंचकर पूरे रूट का निरीक्षण किया। यात्रा में शामिल होने वाले लोगों के लिए पहुंचने वालों के लिए डायवर्जन करके अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई।
रावतपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत कई वर्षों से रामनवमी पर अति संवेदनशील क्षेत्र रामलला से विशाल शोभायात्रा निकाली जाती है। इसकी सुरक्षा व्यवस्था व तैयारियों का जायजा लेने पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड व संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी आला अफसरों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे रूट का निरीक्षण कर लोगों से जानकारियां ली। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की परेशानी पर पुलिस से संपर्क करने की बात कही। रामलला से विशाल शोभायत्रा जिस रूट से गुजरेगी वहां पर चप्पे-चप्पे पप हाईटेक कैमरे और पुलिस बल की तैनाती कर दी है।
रामनवमी यात्रा की पूरी निगरानी ड्रोन से की जाएगी। इस मौके पर थाना प्रभारी, एसीपी, एडीसीपी व डीसीपी को आवश्यक कड़े निर्देश दिए गए। सुरक्षा की दृष्टि से आला अफसरों के निर्देश पर थाना पुलिस, आरएएफ व पीएसी तैनात रहेगी। कार्यक्रम को लेकर पुलिस को अलर्ट रखा गया है। कंट्रोल रूम से कैमरों की मदद से पल-पल की मानिटरिंग की जाएगी।
इस दौरान रामनवमी पर शोभायात्रा में शामिल होने वाली भारी भीड़ को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन ने उस रूट पर निकलने वाले यातायात को कार्यक्रम की समाप्ति तक पूरी तरह से बंद कर डायवर्जन कर दिया है। यातायात पुलिस के अनुसार विजय नगर चौराहा से कोई भी वाहन नमक फैक्ट्री चौराहा होते हुए मसवानपुर चौराहा की ओर नहीं जा सकेगा।
ऐसे वाहन विजय नगर चौराहा से फजलगंज चौराहा से जरीब चौकी चौराहा होकर अपने-अपने गंतव्य को जाएंगे। वाहन शारदानगर क्रासिंग से छपेड़ा पुलिया चौराहा होते हुए नमक फैक्ट्री चौराहा की तरफ नहीं आ सकेगा। ऐसे वाहन शारदानगर से गुरूदेव चौराहा से जा सकेंगे। मसवानपुर चौराहा से कोई भी वाहन नमक फैक्ट्री चौराहा होते हुए विजयनगर चौराहा की ओर नहीं जाएगा। ऐसे वाहन दलहन क्रासिंग की ओर होकर निकलेंगे। सलेण्डर चौराहा से वाहन केडीएमए स्कूल के सामने से शनेश्वर मंदिर तिराहा की ओर नहीं जा सकेंगे।
एकता चौराहा से कोई भी वाहन रामलला मंदिर रोड पर नहीं जाएगा। वहीं नीलम मेमोरियल स्कूल तिराहा मसवानपुर से बड़ा शिव मंदिर रावतपुर,रामलला होते हुए रामलला रोड से एकता स्वीट चौराहा की ओर कोई भी ट्रैफिक नहीं जाएगा। यातायात पुलिस के अनुसार वाहन सवार अपने वाहन नमक फैक्ट्री चौराहा से एकता स्वीट हाउस जाने वाले रोड के दाहिनी ओर, द्विवेदी पार्टी लॉन के खाली मैदान में व शनेश्वर चौराहा से सलेंडर चौराहा जाने वाली सड़क के दोनों ओर वाहन खड़े कर सकेंगे।
रामनवमी की शोभा यात्राओं के लिए सारी व्यवस्थाएं पूरी कर दी गईं हैं। सभी विभागों ने अपनी पूरी तैयारियां कर ली हैं। पूरे शहर में बहुत बड़ी संख्या में लोगों को डिप्लॉय किया गया है। सभी से अपील है, कि कोई भी अस्त्र शस्त्र लेकर प्रदर्शन नहीं करेगा। शहरवासियों से सांप्रदायिक सौहार्द से त्योहार को मनाने की अपील की गई।- आनंद प्रकाश तिवारी, संयुक्त पुलिस आयुक्त
