बरेली: चक्रानुक्रम फार्मूले पर भारी मेयर की सीट, चौथी बार भी अनारक्षित
आरक्षण बदलने की उम्मीद पर पानी फिरा, राजनीतिक दलों में हलचल शुरू, दावेदारों ने हाईकमान से साधना शुरू किया संपर्क
बरेली, अमृत विचार। ओबीसी सर्वे रिपोर्ट के बाद बरेली के मेयर की सीट का भी आरक्षण बदलने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन बृहस्पतिवार शाम इस पर पानी फिर गया। चक्रानुक्रम फार्मूले से भी यह सीट प्रभावित नहीं हुई, उसे लगातार चौथी बार अनारक्षित घोषित किया गया है। इसी के साथ पहले से ही टिकट के लिए आवेदन कर चुके दावेदारों ने पार्टी हाईकमान से संपर्क साधना शुरू कर दिया। राजनीतिक दलों में भी हलचल शुरू हो गई।
मेयर का पद अनारक्षित घोषित होने के बाद कोई भी उस पर चुनाव लड़ सकेगा। इस पद के लिए भाजपा में अब तक सर्वाधिक लोगों ने दावा किया है, सपा में भी दावेदारों की संख्या 10 के पार है।
दिसंबर में आरक्षण आने के बाद सभी दलों में इस पद के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई थी। आरक्षण में कोई बदलाव न होने की स्थिति में माना जा रहा है कि उन्हीं आवेदनों को स्वीकार कर पार्टी हाईकमान प्रत्याशी का चयन करेगा। भाजपा के नगर निगम चुनाव संयोजक एवं महामंत्री अधीर सक्सेना ने बताया कि अधिसूचना जारी होने के साथ नगर निगम चुनाव की स्थिति स्पष्ट हो चुकी है। पूरी संभावना है कि अप्रैल के आखिर तक चुनाव हो जाएंगे। भाजपा की पन्ना समिति से लेकर बूथ तक सारी तैयारियां पूरी हैं।
भाजपा के दावेदारों ने पुराने नेता, रिटायर अफसर राजनीति के लिए लालायित पूंजी वाले लोग भी
भाजपा के टिकट पर दावा ठोकने वालों में कई पार्टी के पुराने और वरिष्ठ नेता हैं तो कुछ सरकारी नौकरी से रिटायर हुए अफसर और राजनीति के लिए लालायित बड़ी पूंजी वाले लोग भी। लिहाजा बेहद लंबी कतार है। इस सूची में ये नाम हैं- महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा, निवर्तमान मेयर डॉ. उमेश गौतम, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुलशन आनंद, चेयरमैन सिद्धि विनायक अनुपम कपूर, निदेशक खुशलोक हॉस्पिटल डॉ. विनोद पागरानी, प्रदेश सह चिकित्सा प्रभारी डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी, पूर्व आईएमए अध्यक्ष डॉ. विमल भारद्वाज, पूर्व विधायक बहोरन लाल मौर्य, पूर्व महानगर अध्यक्ष पुष्पेंदु शर्मा, क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य रवि प्रकाश रस्तोगी, वरिष्ठ नेता मनोज थपलियाल, प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ. अनिल शर्मा, महानगर मंत्री शीतल गुलाटी, पूर्व महामंत्री एवं उपाध्यक्ष महेश सिंघल, अधिवक्ता शैल उपाध्याय, निवर्तमान प्राचार्य शशिबाला राठी, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा प्रो. निवेदिता श्रीवास्तव, पूर्व उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमएल मौर्य, निवर्तमान विधानसभा क्षेत्र प्रभारी पवन अरोड़ा, होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. विकास वर्मा, पूर्व महामंत्री हिंदू जागरण मंच चंद्रपाल गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा गुरुप्रीत सिंह, प्रदेश कार्य समिति सदस्य रामबाबू वर्मा, रिटायर्ड सीओ जगदीश सिंह पाटनी, समाजसेवी ज्योत्सना भारती, निदेशक ऑफ नेशनल रिसर्च डेवलेपमेंट डॉ. दीप्ति भारद्वाज, चार्टर्ड इंजीनियर नवनीत अग्रवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डीनू वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अच्छन सिंह अंसारी, अधिवक्ता पूरन लाल प्रजापति और डॉ. आशीष गुप्ता।
क्या कहते हैं सत्ता और विपक्ष के नेता
हमें पहले से ही आभास था कि ओबीसी सर्वे के बाद भी मेयर की सीट अनारक्षित रहेगी। पार्टी जिसे चुनाव में उतारेगी, उसे मजबूती के साथ जिताने का काम किया जाएगा। - डॉ. केएम अरोड़ा, अध्यक्ष महानगर भाजपा
कांग्रेस की तैयारी पहले से चल रही है। हमारी आशाओं के अनुरूप आरक्षण घोषित हुआ है। कांग्रेस 80 वार्ड के साथ मेयर का चुनाव लड़ने को तैयार है। निगम में बहुत बेहतर समर्थन मिलेगा। लगातार शहरी क्षेत्र में संगठन पर काम किया है- अजय शुक्ला, अध्यक्ष महानगर कांग्रेस।
सपा में मेयर पद के लिए मजबूत प्रत्याशी हैं। पिछली बार आठ लोगों ने मेयर पद के लिए आवेदन किया था। सीट आरक्षित होती तो भी सपा के पास प्रत्याशी थे। सामान्य घोषित हुई है तो नए आवेदन भी आएंगे। निश्चित तौर पर हमारा प्रत्याशी भाजपा पर भारी होगा- शमीम सुल्तानी, निवर्तमान महानगर अध्यक्ष सपा।
ये भी पढ़ें- बरेली: उमेश पाल हत्याकांड...तीन दिन की रिमांड में एसआईटी ने लल्ला गद्दी से बरामद की डायरी
