बरेली: सिटी बसों के संचालन से हो रही ऑटो चालकों को दिक्कत, डीएम को सौंपा ज्ञापन
बरेली, अमृत विचार। शहर में चलने वाली इलेक्ट्रॉनिक बसों से अब ऑटो वालों को दिक्कत होने लगी है। इस मामले को लेकर आज ऑटो रिक्शा चालक वेलफेयर एशोसिएशन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। इस दौरान ज्ञापन देने आए पदाधिकारियों ने बताया कि बरेली जंक्शन पर सिटी बसों का जो रूट बनाया गया है, उसके तहत सिटी बस के चालक परिचालक मंदिर के पास बसों को लगाते हैं। जिससे रास्ता बंद हो जाता है और मंदिर के पास जाम की स्थिति बनी रहती है, क्योंकि ट्रेन आने के समय बस चालक पूरी लेन को ही ब्लॉक करके खड़े हो जाते हैं।
लोगों को वहां से गुजरने में दिक्कत होती है और ऑटो चालक बस के पीछे जाम में फंस जाते हैं। सिटी बस परिचालक सवारियां भरते रहते हैं। यात्री, एंबुलेस व ट्रेन में जाने वाले जाम में फंसे रहते हैं। उन्होंने मांग की है कि बसों को वन-वे कर दिया जाए, जिससे सिटी बसें चौकी चौराहा कचहरी होते हुए जंक्शन आएं व वापसी में जंक्शन से कैंट होते हुए चौकी चौराहे को जाएं, जिससे जाम की समस्या से निजात मिल सके।
