लखीमपुर-खीरी: बुजुर्ग ने मित्र के घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट छोड़ा
तहसील अधिवक्ता संघ महामंत्री की प्रताड़ना और गठिया बाय से परेशान होने की लिखी बात
DEMO IMAGE
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। शहर के मोहल्ला मोती नगर में एक बुजुर्ग ने अपने मित्र के मकान पर कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पास मिले सुसाइड नोट में आत्महत्या की दो वजहें बताई हैं। सुसाइड नोट में में लिखा है कि आत्महत्या के पीछे मुख्य कारण तहसील अधिवक्ता संघ के महामंत्री की प्रताड़ना और दूसरी गठिया बाय से परेशान रहने की वजह। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लिया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की छानबीन में जुट गई है।
यह भी पढ़ें- नगर निकाय चुनाव को लेकर आरक्षण सूची जारी, लखीमपुर महिला तो धौरहरा की सीट हुई पिछड़ा वर्ग
शहर के उदयपुर महेवा निवासी विशाल मिश्रा ने बताया कि पिता विजय कुमार मिश्रा (62) बेहजम बस अड्डे के निकट संत निरंकारी भवन आते-जाते थे। कुछ दूरी पर नहर पटरी के किनारे मोहल्ला मोती नगर में पिता के मित्र नरेंद्र बहादुर का मकान है, जो परिवार समेत बाहर रहते हैं। मकान की देखरेख पिता ही करते थे। रोज की तरह गुरुवार की शाम को भी पिता अपने मित्र के मकान पर रुकने गए थे। शुक्रवार की सुबह पिता का शव कमरे में कुंडे से लटका मिला।
सूचना पर संकटा देवी चौकी इंचार्ज जय प्रकाश यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव नीचे उतार कर जब तलाशी ली तो पिता की जेब में एक सुसाइड नोट मिला। सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा है कि तहसील अधिवक्ता संघ में करीब पांच साल से लिपिक पद पर कार्य रहा हूं। आज तक किसी भी अधिवक्ता से न मैं असंतुष्ट हूं। न ही कोई अधिवक्ता मुझसे असंतुष्ट रहा है।
केवल अधिवक्ता संघ में विकेश कुमार तिवारी महामंत्री ही मुझे प्रताड़ित करते आए हैं। सुसाइड नोट में लिखा है कि विकेश कुमार तिवारी की वजह से ही आत्महत्या कर रहा हूं। जिसका पूरा श्रेय महामंत्री विकेश कुमार तिवारी का ही है और दूसरा कारण पैर की गांठ में बाय की शिकायत है। जबकि मैं रोज सुबह साढ़े नौ बजे से शाम पांच बजे तक कार्य करता था।
रात दस बजे छोटे बेटे से की थी बात
विजय कुमार मिश्रा के फांसी लगाकर आत्महत्या करने से उनके परिवार में चीख पुकार मची है। मृतक के बेटे विशाल ने बताया कि उन्होंने गुरुवार की रात अपने पिता से मोबाइल पर कॉल की थी और करीब पांच मिनट तक बात की। उस समय पिता किसी प्रकार के डिप्रेशन में नहीं थे और उन्होंने आत्मघाती कदम उठाने के बारे में भी कुछ नहीं बताया। सुबह जब आत्महत्या की जानकारी हुई तो पूरा परिवार अवाक रह गया।
मृतक के पास एक सुसाइड नोट मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी---संदीप सिंह, सीओ सिटी।
मुझे कुछ लोगों ने जानकारी दी है कि सुसाइड नोट में मेरा नाम लिखा गया है। मेरा विजय कुमार मिश्रा से कोई न तो कोई विवाद है और न ही कभी हुआ है। उन्होंने मेरा नाम क्यों लिखा। इसकी जानकारी मुझे भी नहीं है---विकेश कुमार तिवारी, महामंत्री तहसील अधिवक्ता संघ।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: सिर पर धारदार हथियार से प्रहार कर रिक्शा संचालक की हत्या, परिवार में मचा कोहराम
