लखीमपुर-खीरी: सिर पर धारदार हथियार से प्रहार कर रिक्शा संचालक की हत्या, परिवार में मचा कोहराम
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। शहर के मोहल्ला हिदायत नगर में शुक्रवार तड़के रिक्शा संचालक की धारदार हथियार से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी गई। हत्या की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है, लेकिन हत्या का कारण रिश्तेदार की एक महिला से अवैध संबंध होना बताए जा रहे हैं। हालांकि परिजन अवैध संबंधों की बात को सिरे से खारिज कर रहे हैं। उन्होंने रुपये के लेनदेन के विवाद में चचेरे साले पर हत्या करने का शक जाहिर किया है। पुलिस ने शक के आधार पर दो लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण कर घटना के खुलासे के निर्देश सदर कोतवाल को दिए हैं।
मोहल्ला हिदायत नगर निवासी साबिर शाह ने बताया कि मोहल्ले में ही एक छोर पर पुत्र जाबिर (45) की ससुराल है। पुत्र का साला करीब चार महीने से हरियाणा में मजदूरी करता है। घर पर साली, सलहज और सलहज के तीन छोटे-छोटे बच्चे रहते हैं। घर में किसी पुरुष के न होने के कारण जाबिर शाम को अपनी ससुराल चला जाता था और सुबह घर वापस आता था। रोत की तरह शहरी के लिए शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे जाबिर घर आने के लिए निकला था। ससुराल से दस मीटर की दूरी पर अज्ञात लोगों ने पुत्र की धारदार हथियार से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी। कुछ देर बाद मृतक की साली शबाना घर पहुंची और जाबिर की हत्या होने की खबर दी। इससे परिवार में चीख पुकार मच गई। तमाम लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
हत्या की खबर मिलने पर एसपी गणेश प्रसाद साहा, सीओ सिटी संदीप सिंह, शहर कोतवाल चंद्रशेखर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के ससुराल वालों, परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस को आशंका है कि जाबिर की हत्या अवैध संबंधों के शक में हुई है, लेकिन परिजन इस बात से इंकार कर रहे हैं।
मृतक के पिता का कहना है कि सीतापुर जिले के थाना लहरपुर के गांव पशुरा निवासी रौनक जाबिर का का चचेरा साला है। रुपये के लेनदेन को लेकर जाबिर का रौनक से से विवाद चल रहा था। 10 दिन पहले रौनक ने देख लेने की धमकी भी दी थी। उसे शक है कि चचेरे साले ने साथी के साथ मिलकर बेटे की हत्या की है। उन्होंने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या करने की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
किराए पर चलवाता था रिक्शा
मोहल्ला हिदायत नगर निवासी साबिर शाह ने बताया कि पुत्र जाबिर के पास कई रिक्शे हैं। वह रिक्शों को किराए पर चलवाता था। इससे होने वाली आमदनी से जाबिर परिवार का भरण पोषण करता था। जाबिर की हत्या से उसके परिवार में चीख पुकार मची हुई है। पत्नी जाबरा और बुजुर्ग पिता का रो-रोकर हाल बेहाल है। मृतक के चार बच्चे हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया। शाम को परिवार वालों ने गमगीन माहौल में शव को सुपुर्दे खाक कर दिया।
मैं मौके पर मैं गया था। आसपास के लोगों से जानकारी ली है। बातचीत से कुछ अहम जानकारी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। सर्विलांस की मदद भी ली जा रही है। जल्द ही हत्याकांड का अनावरण कर हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-गणेश प्रसाद साहा, एसपी
ये भी पढे़ं- नगर निकाय चुनाव को लेकर आरक्षण सूची जारी, लखीमपुर महिला तो धौरहरा की सीट हुई पिछड़ा वर्ग
