हरदोई: स्कूल चलो अभियान का डिप्टी सीएम ने किया शुभारंभ, कहा- घरों के आसपास रखें सफाई

हरदोई: स्कूल चलो अभियान का डिप्टी सीएम ने किया शुभारंभ, कहा- घरों के आसपास रखें सफाई

सण्डीला/हरदोई। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आज तहसील क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में स्कूल चलो अभियान और संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया। डिप्टी सीएम ने क्षेत्र के तिलोइया कलां के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को पुस्तकें भी भेंट की। उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोंधित करते कहा की प्रदेश सरकार ने बीते चार वर्ष में स्कूल छोड़ चुके बच्चों को वापस स्कूल लाने का प्रयास किया है। इसके लिए स्कूल चलो अभियान चलाया जा रहा है। 

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने बच्चों के भविष्य को अंधकारमय बना दिया था। आज 90 फीसदी से ज्यादा स्कूल कायाकल्प अभियान में बदल गए हैं। इसके बाद सण्डीला के बेग़म गंज स्थित  प्राथमिक स्वास्थ केंद्र पंहुचे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संचारी रोग नियंत्रण का शुभारंभ करते हुये कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान में पांच करोड़ परिवार से संपर्क करेंगे।

इसके तहत सफाई और रोग नियंत्रण आदि के बारे में बताएंगे। उन्होंने कहा कि आशावर्कर बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करें। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी का अभियान पूरे देश में सराहा गया है। अब पूरे देश में इसे चलाया जाएगा। इस अभियान में 10 विभाग लगाए गए हैं। सभी का समन्वय है। जापानी इंसेफलाइटिस का समापन हुआ है और अन्य बीमारियां भी कम हो रही हैं।

उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा एक अच्छे नागरिक की भूमिका निभाते हुये अपने घरों में व घरों के आस पास साफ सफाई रखें। ग्रामीण क्षेत्रों में आशा वर्कर घर घर जाकर इस अभियान के संबंध में बताएंगे एवं बदलते मौसम के कारण बुखार एवं सर्दी जुखाम हो तो तत्काल चिकित्सालय से संपर्क करके अपना इलाज कराएं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य  चिकित्साधिकारी, हरदोई एसडीएम देवेन्द्र पाल सिंह,सीएचसी अधीक्षक डॉ. शरद कुमार वैश्य,खण्ड शिक्षा अधिकारी सिमी निगार, क्षेत्रीय विधायक अलका सिंह अर्कवंशी,एमएलसी अशोक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-IQOO की बिक्री में UP देश के शीर्ष तीन राज्यों में शामिलः सीईओ