लखीमपुर-खीरी: अवैध संबंधों में की गई थी जाबिर की हत्या, खुलासे के नजदीक पहुंची पुलिस
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। शहर के मोहल्ला हिदायत नगर निवासी जाबिर शाह की बांके से काटकर की गई हत्या मामले में पुलिस खुलासे के नजदीक पहुंच गई है। पुलिस का दावा है कि जाबिर की हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई थी। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के साथ ही पुलिस सबूत जुटाने में लगी है। उम्मीद जताई जा रही है कि रविवार यानी आज घटना का खुलासा हो सकता है।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: बुजुर्ग ने मित्र के घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट छोड़ा
शहर के मोहल्ला हिदायत नगर निवासी रिक्शा संचालक जाबिर शाह (40) की शुक्रवार की तड़के उस वक्त बांके से काटकर हत्या कर दी गई थी, जब वह अपने साले के मकान से सहरी के लिए अपने घर आ रहा था। घर के पास ही एक अधबने मकान के पास उसके ऊपर हमला हो गया था।
मृतक के पिता ने जाबिर के चचेरे साले रौनक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन परिजन पुलिस को हत्या का कारण नहीं बता पा रहे थे। परिजनों का कहना था कि जाबिर शाह और उसके चचेरे साले के बीच रुपये को लेकर विवाद था। जिसके कारण दस दिन पहले रौनक ने जाबिर को देख लेने की धमकी दी थी।
पुलिस ने सीतापुर जिले के थाना लहरपुर के गांव पशुरा निवासी आरोपी रौनक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के साले ने पुलिस को कुछ ऐसी चीजें बताई, जिससे घटना पर पड़ा रहस्य का पर्दा धीरे-धीरे उठने लगा। पुलिस की जांच में सामने आया है कि जाबिर की हत्या अवैध संबंधों में की गई है।
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े तथ्य जुटाए जा रहे हैं। एक संदिग्ध उनकी हिरासत में है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस खुलासे के काफी करीब पहुंच गई है। घटना की कड़ियां जुलते ही खुलासा किया जाएगा और जो भी इसमें दोषी है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। सीअो सिटी संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस अभी जांच कर रही है। पुलिस को कुछ ठोस सबूत मिले हैं। जिससे पुलिस खुलासे के काफी करीब पहुंच गई है। जल्द ही खुलासा कर हत्यारोपी को जेल भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: श्रद्धालुओं से भरी बस टैंकर से टकराई, 30 घायल
