मुरादाबाद: सीए हत्याकांड का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम की डीआइजी ने थपथपाई पीठ
सीओ सिविल लाइंस, मझोला, सिविल लाइंस व मूंढापांडे के प्रभारी निरीक्षकों को प्रशस्ति पत्र
मुरादाबाद, अमृत विचार। बहुचर्चित सीए श्वेताभ तिवारी हत्याकांड का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को शनिवार को सम्मानित किया गया। डीआइजी शलभ माथुर ने एसएसपी हेमराज मीना व एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम की न सिर्फ पीठ थपथपाई, बल्कि मातहतों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। डीआइजी ने हत्याकांड के पर्दाफाश में सर्विलांस सेल व एसओजी प्रभारी की भूमिका की भी सराहना की।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रामगंगा विहार स्थित साईं गार्डेन निवासी श्वेताभ तिवारी की हत्या 15 फरवरी की रात दिल्ली रोड पर की गई। रात करीब आठ बजे बाइक पर सवार होकर सीए के दफ्तर के सामने पहुंचे दो शूटरों ने डेढ़ घंटे तक प्रतिक्षा के बाद श्वेताभ तिवारी को गोली मारकर मौत के घाट उतारा था।
31 मार्च शुक्रवार को एसएसपी हेमराज मीना ने सीए हत्याकांड का सनसनीखेज पर्दाफाश किया। 27 मार्च को कुशांक हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने खुशवंत सिंह को जेल भेजा। सिलसिलेवार दो ब्लाइंड मर्डर खुलने से गदगद डीआइजी शलभ माथुर ने शुक्रवार को ही पुलिस टीम को 50 हजार रुपये नगद ईनाम देने की घोषणा की।
शनिवार को पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र देकर डीआइजी ने मातहतों की पीठ थपथपाई। प्रशस्ति पत्र पाने वाले पुलिस कर्मियों में सिविल लाइंस सीओ अनूप कुमार, सिविल लाइंस थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह, मझोला थाना प्रभारी विप्लव शर्मा, मूंढापांडे थाना प्रभारी आरपी सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी राजीव व एसओजी टीम प्रभारी के अलावा मझोला थाने के एसएसआई सतराज सिंह व अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे।
ये भी पढ़ें- मुरादाबाद: निजी विवि के चिकित्सक समेत दो काेरोना पॉजिटिव, स्वास्थ्य विभाग में खलबली
