अयोध्या: वीआईपी जिले के लिए मिलने लगे VIP संसाधन और स्टाफ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। भाजपा के राजनीतिक विचार के केंद्र में रही अयोध्या मंदिर विवाद को लेकर पार्टी के लिए पहले से ही महत्वपूर्ण थी और अब मंदिर निर्माण को लेकर इसको अति विशिष्ट का दर्जा हासिल हो गया है। रामनगरी और जनपद के विकास के लिए जहां हजारों करोड़ रूपये की योजनाओं पर काम जारी है वहीं मंदिर और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने की कवायद भी तेज हो गई है।

प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल अयोध्या को हर साधन-संसाधन उपलब्ध कराये जा रहे हैं। आये दिन वीआईपी मूवमेंट को लेकर एसपी  प्रोटोकाल की तैनाती ही नहीं की गई है, बल्कि दो फार्च्यूनर कार भी उपलब्ध कराई गई है। वहीं रामजन्मभूमि परिसर सुरक्षा के मद्देनजर दो-दो बम खोजी व निरोधी दस्ता तथा एंटी सेबोटाज चेक टीम भी स्वीकृति की गई है। पुलिस महकमें में कुछ और संसाधन मिलने की प्रक्रिया अभी पाइपलाइन में बतायी जाती है।  

गौरतलब है कि राम मंदिर को लेकर भाजपा सरकार रामनगरी को वैश्विक पर्यटन नगरी बनाने की कवायद में जुटी है। जन्मभूमि पर ट्रस्ट की ओर से भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है तो प्रदेश सरकार केंद्र और ट्रस्ट के समन्वय से नगरी के साथ आस-पास सुरक्षा और व्यवस्था को मुकम्मल करने के लिए रणनीति बना उसको अमली जामा पहनाने की कवायद में जुटी है। जिसको लेकर ट्रस्ट और पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारियों के बीच कई राउंड विचार-विमर्श हो चुका है।

सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर समय-समय पर पूर्व की योजनाओं में संशोधन भी किया गया। रामनगरी में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ बढ़ने को लेकर जिले में एसपी ट्रैफिक तथा विशिष्ट व अतिविशिष्ठ के दौरों को लेकर एसपी प्रोटोकॉल की तैनाती  का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसको स्वीकार कर शासन ने मुख्यालय पर तैनात राहुल मिश्रा को जिले में एसपी ट्रैफिक/प्रोटोकॉल के पद पर तैनात किया है। विशिष्ट व अतिविशिष्ठ के दौरों को लेकर जिला पुलिस को दो फॉर्च्यूनर कार उपलब्ध कराई है।

वर्तमान में जिला मुख्यालय पर बम खोजी और निरोधी दस्ते की एक टीम तथा एंटी सेबोटाज चेक की एक टीम तैनात है। एटीएस की फील्ड यूनिट और स्क्वाड की तैनाती है तथा इसको आधुनिक संसाधन व अत्याधुनिक हथियार और बख्तरबंद वाहन उपलब्ध कराया गया है तो लखनऊ मुख्यालय से एसटीफ दस्ता काम कर रहा है, जिसको जल्द ही जिला मुख्यालय पर तैनात करने प्रक्रिया विचाराधीन बताई जा रही है। 

पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक बृजेन्द्र सिंह का कहना है कि जिले में वीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर दो दो फॉर्च्यूनर कार मिली है। एसपी ट्रैफिक व प्रोटोकॉल की तैनाती हुई है। साथ ही बम खोजी और निरोधी दस्ते तथा एंटी सेबोटाज चेक की दो-दो टीम स्वीकृत हुई है।

यह भी पढ़ें:-रामजन्‍म भूमि परिसर समेत महत्वपूर्ण स्थलों पर सुरक्षा की दृष्टि से तैनात होंगी बीडीडीएस टीमें

संबंधित समाचार