संभल: छुट्टा गोवंश बचाने में पलटी डग्गामार बस, 12 यात्री घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल/बबराला, अमृत विचार। गुन्नौर थाना क्षेत्र में चंडीगढ़ से उझानी जा रही डग्गामार बस छुट्टा गोवंश को बचाने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में एक दर्जन यात्री घायल हो गए। नौ घायलों को सीएचसी गुन्नौर ले जाया गया। डॉक्टर ने गंभीर रूप से तीन घायलों को अलीगढ़ रेफर कर दिया।

चंडीगढ़ से बदायूं के उझानी जा रही डग्गामार बस में करीब 80 यात्री सवार थे। रविवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव जगन्नाथपुर के पास अचानक सड़क पर छुट्टा पशु आ गया। पशु को बचाने के चक्कर में चालक बस से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बस सड़क किनारे पलट गई। इससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। हादसे में बदायूं के थाना उघैती अंतर्गत गांव खितौरा निवासी फौजी अर्जुन, बिल्सी निवासी नाजिरा, आसमा, दो वर्षीय अरजान, नासमा, थाना सहसवान के गांव रेलई माधापुर निवासी आठ वर्षीय जावेद, गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव वहीपुर निवासी बेगम, प्यार मोहम्मद, जिला एटा के सकीट थानांतर्गत गांव रेवाड़ी निवासी मुख्य चालक बाबूराम सहित एक दर्जन लोग घायल हुए। नौ घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से सीएचसी गुन्नौर ले जाया गया। डॉ. पवन कुमार सिंह और टीम ने घायलों का उपचार किया। 

यात्रियों में मची चीख-पुकार
गांव जगन्नाथपुर के पास रविवार सुबह जब हादसा हुआ उस समय ग्रामीण जाग चुके थे। अचानक तेज आवाज आई तो ग्रामीण चौंक गए। हड़बड़ाहट के माहौल में देखा तो सड़क किनारे बस पलटी पड़ी थी। यात्रियों में चीख-पुकार मची थी। तब ग्रामीणों ने आनन-फानन में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस को भी हादसे की सूचना दी गई। मौके पर सीओ आलोक कुमार सिद्धू और प्रभारी निरीक्षक गुन्नौर नरेश कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने घायल यात्रियों को सीएचसी पहुंचाया।

क्रेन मंगाकर सीधी करवाई बस
गांव जगन्नाथपुर के समीप सड़क किनारे बस पलटने के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। तमाम प्रयास के बावजूद बस सीधी नहीं हो सकी। तब यारा फर्टिलाइजर से क्रेन मंगवाई गई। क्रेन को भी बस सीधी करने में करीब आधा घंटा लगा।

हादसे के बाद चालक फरार
चंडीगढ़ से उझानी जा रही बस पर बाबूराम के अलावा दूसरा चालक भी था। उसका नाम बदर बताया जा रहा है। वही बस चला रहा था। हादसा होते ही वह मौके से भाग गया। काफी तलाशने पर भी उसका पता नहीं चल सका। घायल बाबूराम ने बताया कि मालिक ने बस पर दो चालक भेजे थे।

ये भी पढे़ं- संभल : बिना अनुमति धर्मस्थल निर्माण पर तनातनी, प्रधान के देवर सहित चार गिरफ्तार

 

संबंधित समाचार