Chitrakoot: सपा महिला सभा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक, धर्म के नाम पर फिर काबिज होना चाह रही BJP
चित्रकूट में सपा महिला सभा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
चित्रकूट में सपा महिला सभा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। सपा महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर सत्ता में आई है।
चित्रकूट, अमृत विचार। समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर सत्ता में आई है और इसी के सहारे फिर से सत्ता पर काबिज होना चाह रही है। रविवार को एक होटल में संगठन की समीक्षा बैठक में सपा नेता ने कार्यकर्ताओं को सपा की नीतियों को गांवगांव तक पहुंचाने और आने वाले चुनावों के लिए तैयारी करने के टिप्स दिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश बताए। कहा कि भाजपा के राज में गरीब, किसान, महिलाएं, दलित, पिछड़ा और नौजवान सभी दुखी हैं और लोग अखिलेश यादव की ओर आशाभरी निगाहों से देख रहे हैं। जनता भाजपा के जनविरोधी एजेंडे को पूरी तरह समझ चुकी है और आने वाले नगर निकाय और लोकसभा चुनाव में इसका सफाया करने जा रही है।
जिलाध्यक्ष अनुज सिंह यादव ने भाजपा को झूठी और मायावी पार्टी बताया और कहा कि विकास, बेरोजगारी, महंगाई और बिगड़ी कानून व्यवस्था से इसका कोई लेना देना नहीं है। बैठक का संचालन जिला प्रवक्ता सुभाष पटेल ने किया। बैठक में महिला सभा की जिलाध्यक्ष उर्मिला निषाद, रामादेवी यादव, प्रेमलता, संगीता कुशवाहा, ज्योति यादव, गीता सिंह, राजकुमारी निषाद सहित अन्य सपाई मौजूद रहे।
