अमरोहा: डीएम के निरीक्षण में झूमते मिले ऑन-ड्यूटी चिकित्सक
अमरोहा, अमृत विचार। जिलाधिकारी बीके त्रिपाठी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कमेलपुर धनौरा का औचक निरीक्षण सुर्खी में है। डीएम को अस्पताल का चिकित्सक नशे में मिला। चिकित्सक के कक्ष में देसी शराब की बोतल भी मिली। चिकित्सक के झूमने पर जिलाधिकारी ने धनौरा थाने के प्रभारी को बुलाकर इस दशा में मिले डॉ.विजय कुमार की मेडिकल परीक्षण कराया।
केंद्र पर ओपीडी ठप जैसी दिखी। फर्श पर गंदगी मिली। स्टाफ का कोई भी सदस्य यूनिफॉर्म में नहीं था। इस हाल पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सीएचसी प्रभारी धनौरा मनदीप सिंह व कमेलपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. विजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए। जबकि सीएचसी धनौरा में अनुपस्थित फार्मासिस्ट, एएनएम व अन्य स्टॉफ का एक दिन के वेतन काटने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी प्रत्येक रविवार को जनपद के सभी सीएचसी व पीएचसी में लगने वाले आरोग्य मेले का मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजीव सिंघल के साथ औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले सीएचसी धनौरा के आरोग्य मेले का निरीक्षण किया। यहां मरीजों के लिए कोई भी व्यवस्था नहीं मिली। अधिकतर स्टाफ अनुपस्थिति मिले।
सीएचसी प्रभारी मनदीप सिंह स्वयं गैरहाजिर थे। आपातकालीन चिकित्सा कक्ष में मरीजों को कोई समुचित चिकित्सा न दिए जाने तथा किसी चिकित्सक को न देखकर डीएम भड़क गए। सीएचसी धनौरा में फार्मासिस्ट भी अनुपस्थित मिले। वार्ड बॉय विनोद कुमार बिना यूनिफॉर्म टी-शर्ट और लोवर में कुछ देर बाद पहुंचे। सीएचसी में तैनात छह एएनएम में केवल एक एएनएम रोहिणी उपस्थित थीं। सीएचसी में मिली लापरवाही पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए डीएम ने कहा कि कैसे काम चलेगा? यह सब तो जेल भेजने लायक काम कर रहे हैं।
ये भी पढे़ं- अमरोहा : गैंगेस्टर एक्ट में आरोपी की अवैध संपत्ति कुर्क
