बरेली: ढाबों पर ड्राइवर-कंडक्टर के लिए मुफ्त खाना...रोडवेज यात्रियों की मुसीबत, ट्विटर पर शिकायतों की भरमार
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। निजी ढाबों पर मुफ्त के खाने के लिए रोडवेज बसों के ड्राइवर-कंडक्टर न सिर्फ सफर का समय बढ़ा रहे हैं बल्कि यात्रियों की जेबें भी हल्की करा रहे हैं। बरेली-लखनऊ के बीच बार-बार ढाबों पर बसें रोके जाने से आजिज यात्रियों रोडवेज के ट्विटर अकाउंट पर शिकायतों की भरमार लगा दी है।
ऐसी ही एक शिकायत में बस में सफर कर रहे नवनीत नाम के एक यात्री ने यूपीएसआरटीसी के हेडऑफिस को किए ट्वीट की। इसमें कहा कि बरेली से लखनऊ जाने वाली बस मैगलगंज के एक अनधिकृत ढाबे पर रोक दी गई है।
ढाबे पर खड़ी बस का फोटो भी ट्विटर पर डालते हुए लिखा कि इसी ढाबे पर बरेली डिपो की दो और बसें भी खड़ी हैं। परेशान यात्री बस चलने का इंतजार कर रहे हैं। बरेली डिपो के एआरएम की ओर से इस शिकायत पर खेद जताते हुए ड्राइवर-कंडक्टर के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। हालांकि यह अलग बात है कि अब तक तमाम शिकायतें होने के बावजूद एक भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
राह तकते रह जाते हैं यात्री, बाईपास से निकल जाती हैं बसें
बसों को शहर और कस्बे के अंदर से ले जाने के भी निर्देश हैं लेकिन फिर भी बसों के ड्राइवर बाईपास की राह पकड़ रहे हैं। एक यात्री ने शिकायत की है कि बरेली डिपो की एक बस आगरा जाती है। वह बस पकड़ने के लिए बदायूं के भामाशाह चौक पर पहुंचा लेकिन ड्राइवर बस को बाहर से ही ले गया। इसी तरह ज्यादा किराया लेने और बसों में गंदगी की भी तमाम शिकायतें हो रही हैं। यात्री गंदगी के फोटो और वीडियो भी ट्वीट कर रहे हैं।
अगर ड्राइवर और कंडक्टर निजी ढाबों पर बसें रोक रहे है तो यह गलत है। जांच कराकर ऐसा करने वाले ड्राइवर-कंडक्टरों पर कार्रवाई की जाएगी। बस में लगातार सफाई कराई जा रही है---संजीव श्रीवास्तव, एआरएम बरेली डिपो।
यह भी पढ़ें- बरेली: बैंक में कर्ज दिलाने की नाम पर युवक के साथ ठगी, आरोपी ने दी जान से मारने की धमकी
