मुरादाबाद : आईपीएल सितारों की राह पर शहर के युवा खिलाड़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उत्साह : आर्यन जुयाल, शिवा सिंह और शिवम शर्मा ने रणजी तक का सफर किया तय

मुरादाबाद, अमृत विचार। आईपीएल सितारों की राह पर चलते हुए शहर की युवा प्रतिभा आईपीएल और भारतीय टीम की चौखट तक पहुंच गई हैं। उम्मीद है बहुत जल्द इन उभरते सितारे को टीम में जगह मिल सकेगी। इन खिलाड़ियों में आर्यन जुयाल, शिवा सिंह और शिवम शर्मा शामिल हैं। आर्यन पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस टीम का हिस्सा रह चुके हैं। मगर, इन्हें टीम के लिए खेलना का मौका नहीं मिला। 

शहर में हमेशा क्रिकेट की एक से बढ़कर एक प्रतिभा देखने को मिली है। यहां से भारतीय टीम में शानदार लेग स्पिन गेंदबाज पीयूष चावला और तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने जगह बनाई है। इनकी राह पर चलते हुए तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने आईपीएल तक का सफर तय कर लिया है।  यह तीनों खिलाड़ी इस समय आईपीएल में जलवा बिखेर रहे हैं। इनकी राह पर चलते हुए शहर के युवा सितारे क्रिकेट पिच पर चौके- छक्के लगा रहे हैं। इनमें आर्यन जुयाल, शिवा सिंह और शिवम शर्मा जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं।

मुबंई इंडियस की ओर से नहीं मिला पदार्पण का मौका 
आर्यन जुयाल को पिछले आईपीएल सीजन में मुंबई इंडियस ने खरीदा था। लेकिन, वहां पूरे सीजन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। जिसके बाद आईपीएल के 16 वें संस्करण में उन्हें टीम ने रिलीज कर दिया। आर्यन विकेट कीपर बल्लेबाज की भूमिका निभाते हैं। वह 2018 अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप भारतीय टीम के हिस्सा रहे। 

बाएं हाथ के फिरकी गेंदबाज है शिवा सिंह
शिवा सिंह उत्तर प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हुए बाएं हाथ से फिरकी गेंदबाजी करते हैं। वह पृथ्वी शॉ की कप्तानी में 2018 भारत के लिए अंडर-19 वर्ल्ड टीम का हिस्सा रहे।  23 साल के शिवा सिंह ने 2018-19 में यूपी के लिए लिस्ट ए पदार्पण किया था।

शानदार आलराउंडर है शिवम शर्मा
शिवम शर्मा रणजी में यूपी टीम का हिस्सा हैं। वह बाएं हाथ की फिरकी गेंदबाजी के साथ ही उपयोगी बल्लेबाज है। शिवम ने रणजी में 2020 में बिहार के खिलाफ 10 ओवर में 31 रन देकर 7 विकेट और उड़ीसा के खिलाफ 6 विकेट लेने का रिकार्ड अपने नाम किया था। शिवम ने लिस्ट ए में 2021 में उप्र. के लिए विजय हजारे ट्राफी में पदार्पण किया।

युवा बोले 
युवा खिलाड़ी मोहम्मद तालिब, केशव ठाकुर, विकास शर्मा आदि ने उम्मीद जताई कि आर्यन, शिवा और शिवम बहुत जल्द आईपीएल और भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। वहीं, क्रिकेट कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि तीनों खिलाड़ी के खेलने का तरीका अलग है। शिवम और शिवा जरूर दोनों बाएं हाथ के गेंदबाज है। यह अगले सीजन में जरूर आईपीएल में खेलेंगे।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : तिथियों का इंतजार, चुनाव लड़ने को दावेदार हैं तैयार

संबंधित समाचार