Auraiya News : बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर फैलाई दहशत, पेट में गोली लगने से युवक घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

औरैया में बाइक सवार बदमाशों ने युवक को गोली मारी।

औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने मंदिर दर्शन करने जा रहे युवक को गोली मार दी। पेट में गोली लगने से युवक घायल हो गया। एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छह टीमें गठित की।

औरैया, अमृत विचार। फफूंद थाना क्षेत्र के जैतपुर गांव में युवक पूजा-अर्चना करने के लिए मंदिर जा रहा था। इसी दौरान सल्हापुर गांव के पास पहुंचते ही बाइक सवार तीन बदमाशों ने युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक सड़क पर ही गिर गया। इधर, फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर एसपी चारू निगम कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।

जैतपुर गांव निवासी शेखर शुक्ला सोमवार की दोपहर मंगला काली मंदिर में पूजा-पाठ करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सल्हापुर की तरफ से बाइक सवार सार्थक तिवारी, गोपाल अवस्थी व आफताब बीच सड़क पर आकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सार्थक तिवारी ने जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। गोली युवक के पेट में लगने से वह घायल हो गया।

पीड़ित के छोटे भाई अनुराग शुक्ला व गांव के अन्य लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते फरार हो गए। सूचना पाकर मोके पर पहुंचे थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने आनन-फानन में घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर उसे इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया।

एसपी चारू निगम, एएसपी दिगम्बर कुशवाहा, सीओ भरत पासवान सहित कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घायल के पिता ब्रजकिशोर ने थाने में नामजद आरोपियों को खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। एसपी चारू निगम ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी किये जाने के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

संबंधित समाचार