संभल : फसलों के मुआवजे के लिए भरी हुंकार, भाकियू असली के बैनर तले किसानों ने निकाली बाइक रैली
मंडी समिति से एसडीएम कार्यालय पहुंचे किसान, जमकर नारेबाजी...राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा, उठाई मांगें
संभल,अमृत विचार। भारतीय किसान यूनियन असली के बैनर तले किसानों ने बाइक रैली निकालकर नारेबाजी की। किसानों ने बेमौसम वर्षा, ओलावृष्टि और छुट्टा पशुओं से फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग उठाई। भाकियू पदाधिकारियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। बाइक रैली को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा।
भाकियू असली के आह्वान पर कार्यकर्ता और किसान मंडी समिति में जुटे। जहां से किसानों ने नारेबाजी करते हुए बाइक रैली की शुरुआत की। किसान बाइकों से चले, जबकि उनके आगे भाकियू पदाधिकारी नारेबाजी करते हुए बढ़ने लगे। बाइक रैली चौधरी सराय चौराहा, मोहल्ला नाला, हल्लू सराय तिराहा, यशोदा चौराहा, चंदौसी चौराहा होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची। जहां किसानों ने समस्याओं को लेकर नारेबाजी की। भाकियू पदाधिकारियों ने कहा कि बेमौसम वर्षा और ओलावृष्टि से किसानों की गेहूं, सरसों की फसलों को नुकसान हुआ है। उनकी आजीविका इन्हीं फसलों पर आधारित है।
वहीं छुट्टा पशुओं ने भी फसलों को नुकसान पहुंचाया है। सरकार को नुकसान की भरपाई करनी चाहिए। भाकियू पदाधिकारियों ने एसडीएम सुनील कुमार त्रिवेदी को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें किसानों को 30 हजार रुपये प्रति एकड़ फसल का मुआवजा दिलाकर नुकसान की भरपाई करने की मांग की। कहा कि सरकार छुट्टा गोवंश से किसानों को निजात दिलाए।
भाकियू पदाधिकारियों ने चेताया कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह यादव, युवा प्रदेश अध्यक्ष रिषभ चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता दीपक शर्मा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी चौधरी संजीव गांधी, जयवीर सिंह यादव, मोहम्मद सुलेमान, अमरपाल यादव, निकसम कुमार, चौधरी अर्जुन सिंह, दिनेश सिरोही, जाकिर हुसैन, राजीव चौधरी, धर्मवीर, बाबू खां, मोहम्मद फाजिल, जोगेंद्र सिंह, रामवीर सिंह, होशियार सिंह, आशिक रजा, अनीस अहमद, डॉ. जावेद व दिलशाद आदि रहे।
संभल व गुन्नौर में कम खोले गए गेहूं क्रय केंद्र
संभल। भाकियू पदाधिकारियों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपते हुए कई मांगें उठाईं। कहा कि जिले में गेहूं खरीद के लिए 61 क्रय केंद्र खोले गए हैं। चंदौसी में 31, संभल में 18 और गुन्नौर में 12 क्रय केंद्र हैं। संभल और गुन्नौर तहसील के किसानों के साथ सौतेला व्यवहार किया गया है, जबकि गुन्नौर तहसील क्षेत्र में गेहूं की पैदावार अधिक है। तीनों तहसीलों में बराबर क्रय केंद्र खोले जाएं। मंडियों को छोड़कर देहात में क्रय केंद्र खोलने की मांग उठाई। जिससे किसानों को असुविधा न हो। गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए ली गई जमीन से संबंधित समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। कहा कि किसानों की जमीन का बैनामा कम हुआ है, जबकि मौके पर ज्यादा भूमि ली जा रही है। जांच कराकर किसानों को मुआवजा दिलाया जाए।
ये भी पढ़ें : संभल: कार की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत, चालक फरार
