नगर निकाय चुनाव: समाजवादी पार्टी के पर्यवेक्षक दावेदारों से पूछेंगे जीत का गणित
तैयारी : नगीना विधायक मनोज पारस और मेरठ के रफीक अंसारी लेंगे दावेदारों के आवेदन
मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव में पिछड़े वर्ग को आरक्षण का लाभ देते हुए चुनाव कराने के सरकार के कदम के साथ राजनीतिक दलों में भी सक्रियता बढ़ गई है। अब नये सिरे से महापौर के आवेदन लिए जाएंगे। मंगलवार को समाजवादी पार्टी के पर्यवेक्षक दावेदारों के आवेदन की परख करेंगे।
नवंबर-दिसंबर में चल रही चुनाव की प्रक्रिया में महापौर सीट महिला सामान्य के लिए होने के आधार पर आवेदन लिए गए थे। लेकिन, चुनाव टलने के बाद अब सरकार ने प्रस्तावित आरक्षण में महापौर की सीट सामान्य कर दी है। इसके अनुसार नये सिरे से आवेदन लिए जाएंगे। मंगलवार को पार्टी के नगीना विधायक मनोज पारस, मेरठ के रफीक अंसारी अब आवेदन लेंगे। दोनों पर्यवेक्षक दावेदारों से उनके जीत के आधार भी जानेंगे। जैसे अब तक उनकी पार्टी के लिए क्या भूमिका रही। वह पार्टी के सक्रिय सदस्य हैं कि नहीं। चुनाव लड़ने का अनुभव और इस बार किस आधार पर जीत का दावा कर रहे हैं, आदि जानेंगे।
इसके अलावा पार्टी के स्थानीय जन प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। महापौर पद पर जोर आजमाइश कांटे की होगी। क्योंकि जिले में छह में से पांच विधायक समाजवादी पार्टी के हैं। सांसद भी सपा के डॉ. एसटी हसन हैं। इस मजबूती का फायदा पार्टी के दिग्गज नगर निकाय चुनाव में लेने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। निवर्तमान जिलाध्यक्ष डीपी यादव का कहना है कि समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती से नगर निकाय चुनाव लड़ेगी। भाजपा के खोखले दावे की पोल इस निकाय चुनाव में खुल जाएगी।
नगर निकाय चुनाव को सुचारु रूप से कराने में जुटें अधिकारी
मुरादाबाद। जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को उनके शिविर कार्यालय पर नगर निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें उन्होंने चुनाव से संबंधित सभी इंतजाम समय से पूरा करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी तैयारियों के लिए प्रभारी अधिकारी, सहायक प्रभारी अधिकारी नामित कर दिए गए हैं। मतदान, मतगणना कार्मिकों के डेटाबेस तैयार करने, निर्वाचन, लेखन सामग्री, मतदाता सूची तैयार करने, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन, बैरिकेडिंग, मेज कुर्सी, प्रकाश व्यवस्था, वीडियो ग्राफी, सीसीटीवी का प्रबंध समय से करने का निर्देश दिया। वहीं, उन्होंने निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कहा। बैठक में सीडीओ सुमित यादव, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी नगर आलोक वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सुरेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी सदर, अपर नगर मजिस्ट्रेट, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : कागजों में स्मार्ट सिटी, अधर में 611.92 करोड़ रुपये की 17 परियोजनाएं
