Kanpur Coronavirus News : कोरोना के तीन नए केस मिले, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एयरपोर्ट, सीएचसी पर जांच शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में कोरोना के तीन नए केस मिले।

कानपुर में एक बार फिर कोरोना वायरस पांव पसारने लगा है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एयरपोर्ट और सीएचसी पर जांच शुरू हो गई। वहीं, हैलट में केस बढ़ने पर कांशीराम में संक्रमित भर्ती किए जाएंगे।

कानपुर, अमृत विचार। कानपुर में एक बार फिर कोरोना वायरस पांव पसारने लगा है। काकादेव की दो युवतियों और यशोदा नगर के रहने वाले 33 वर्षीय एक युवक में संक्रमण की पुष्टि हुई। दोनों युवतियां हेल्थ वर्कर है। युवतियां दोनों कोविड अभियान में लगी हुई हैं। इस दौरान लोगों की सैंपलिंग के दौरान जुकाम-बुखार और खांसी के लक्षण आए तो उन्होंने जांच कराई। इस पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

कोरोना संक्रमितों के बढ़ते मामलों पर स्वास्थ्य विभाग चौकन्ना हो गया है। बाहर से आने वाले संक्रमितों पर नजर रखी जा रही है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एयरपोर्ट और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर आरटीपीसीआर की जांच शुरू हो गई है। शहर से बाहर घूमने गए संक्रमितों की उन शहरों के स्वास्थ्य विभाग को रिपोर्ट भेजी जा रही है। हैलट अस्पताल में भर्ती होने वाले पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ने पर कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय को कोविड अस्पताल में परिवर्तित किया जा सकता है।

देश भर में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़नी शुरू हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया जा रहा है। कोविड प्रोटोकॉल की सलाह दी जा रही है। स्कूल-कॉलेजों और कार्यालयों में सर्दी, खांसी और जुकाम होने पर मास्क पहनने के लिए कहा जा रहा है।

सीएमओ डॉ. आलोक रंजन ने बताया कि पॉजिटिव मामले आ रहे हैं, लेकिन उनमें किसी तरह के कोई लक्षण नहीं मिल रहे हैं। कमांड सेंटर से उन पर नजर रखी जा रही है। स्वास्थ्य संबंधित किसी तरह की समस्या होने पर उन्हें कॉल करने के लिए कहा गया है। सीएचसी और अन्य जगहों पर नमूने लिए जा रहे हैं। 

11 और 12 को होगी मॉक ड्रिल 

हैलट अस्पताल, कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय और सीएचसी में 11 और 12 अप्रैल को कोविड तैयारियों को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसमें ऑक्सीजन, बेड, दवाएं, वेंटीलेटर, आईसीयू आदि की सुविधाओं को परखा जाएगा। सीएमओ के मुताबिक कोरोना को लेकर तैयारियां पूरी है।

मैटरनिटी विंग में 40 बेड किए सुरक्षित

हैलट अस्पताल के मैटरिटी विंग के एक फ्लोर को कोविड में परिवर्तित कर दिया गया है। यहां 40 बेड की सुविधा है। विंग के अंदर ही आईसीयू है, जहां अत्याधिक गंभीर मरीजों को भर्ती किया जा सकेगा। लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन के साथ ही ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट लगा हुआ है।

 

संबंधित समाचार