किसानों की मदद में कसर नहीं छोड़ें प्रभारी मंत्री : शिवराज 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि लाड़ली बहना योजना जनता का अभियान बन गया है और मौसम की मार झेल चुके किसानों की मदद करने में प्रभारी मंत्री कोई कोर-कसर नहीं छोड़ें। चौहान ने यहां मंत्रिपरिषद् की बैठक के पूर्व अपने संबोधन में लाड़ली बहना योजना के संबंध में कहा कि ये पहला अभियान ऐसा है जो जनता का अभियान बन गया है। न सर्वर डाउन हुआ, लोग सड़कों पर बैठ-बैठ कर आवेदन भर रहे हैं।

अब तक 47 लाख 94 हजार रजिस्ट्रेशन हो चुका है। कल बैतूल में लाड़ली बहना सम्मेलन था। वहां लगभग एक लाख बहनें थीं। बैतूल में इतनी बड़ी सभा आज तक के इतिहास में कभी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अहाते बंद करने के आबकारी नीति के फैसले को लागू कर दिया गया है।

शराब के कुल मिलाकर दो हजार 611 अहाते बंद कर दिए गए हैं। धर्म स्थल, स्कूल इत्यादि के 100 मीटर के दायरे में जो दुकानें आती थीं, ऐसी 232 दुकानें भी हटा दी गई हैं। उन्होंने सभी मंत्रियों से कहा कि ओला पीड़ित किसानों की मदद में प्रशासन लगा हुआ है। प्रभारी मंत्री भी इस दिशा में सहयोग करें। लगभग 70 हजार हेक्टेयर में नुकसान हुआ है।

उन्होंने मंत्रियों से सर्वे के बारे में जानकारी लेने का भी आग्रह किया। किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ मिलना भी सुनिश्चित किया जाए। इसी के साथ उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को डॉक्टर अंबेडकर जयंती को पूरे प्रदेश में कार्यक्रम होंगे, लेकिन 16 अप्रैल को ग्वालियर में डॉक्टर अंबेडकर महाकुंभ आयोजित होगा। 

ये भी पढ़ें : होम थिएटर में विस्फोट से दूल्हे और भाई की मौत, चार अन्य घायल 

संबंधित समाचार