हरदोई : वाई - 20 समिट में प्रतिभाग करेंगे चारु पाल और शिवेश सिंह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई, अमृत विचार। जिला युवा अधिकारी प्रतिमा वर्मा ने बताया कि जी-20 कार्यक्रम के अन्तर्गत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वाई -20 का आयोजन किया जा रहा है। यूथ-20 के अन्तर्गत भारत का मुख्य उद्देश्य देशभर के युवाओं को एक साथ लाना और बेहतर कल के लिए विचारों पर चर्चा करना और काम के लिए एक एजेंडा तैयार करना है।

भारत की अध्यक्षता के दौरान वाई -20 द्वारा की जाने वाली गतिविधियां वैश्विक युवा नेतृत्व और साझेदारी पर केंद्रित होंगी। यूथ-20 (वाई -20) जी-20 का आधिकारिक युवा जुड़ाव समूह है। यह एक मंच प्रदान करता है जो युवाओं को जी-20 प्राथमिकताओं पर अपनी दृष्टि और विचार व्यक्त करने की अनुमति देता है। यूथ-20 शिखर सम्मेलन के माध्यम से देशभर के विभिन्न महाविद्यालयों/विश्वविद्यालयों में चयनित युवाओं के द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा दिए गये विषयों पर चर्चा की जाएगी।

जिला युवा अधिकारी ने बताया कि  06 अप्रैल  को उत्तर प्रदेश में  ‘काम का भविष्य: उद्योग 4.0 नवाचार, 21वीं सदी का कौशल'  थीम पर कानपुर में स्थित भारतीय प्रद्योगिकी संस्थान, कानपुर  में Y-20 के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रम में जिले से  चारु पाल एवं शिवेश  सिंह  का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जीडीसी  के बी.एड. के छात्र शिवेश सिंह का कहना है कि वह स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं कि उन्हें  यूथ -20 कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर प्रदान किया गया है। आशा है कि वह  इस कार्यक्रम के द्वारा बहुत सी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करके भविष्य में उनका उपयोग कर सकेंगे। 

एम.एस. सी. की छात्रा चारु पाल का कहना है कि जी-20 यूथ सम्मेलन का हिस्सा बनना न केवल भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक को करीब से देख पाने बल्कि उसे जानने और समझने का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है और यह हम सभी के लिए एक गौरवान्वित करने वाला पल है। हमारी हजारों साल पुरानी संस्कृति जिस भावना को आत्मसात करे हुई है आज वही भारत के जी 20 प्रेसीडेंसी का विषय भी है और इस विषय  , "वसुधैव कुटुम्बकम" या "एक पृथ्वी - एक परिवार - एक भविष्य" का, LiFE (पर्यावरण के लिए जीवन शैली) के साथ घनिष्ठ संबंध है। जो कि हमारी भारतीयता की विरासत भी है। अतएव हमारे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर में होने वाले इस सम्मेलन का हिस्सा बनना निश्चित तौर पर उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है।

यह भी पढ़ें : स्वामी प्रसाद की सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग हाईकोर्ट ने की खारिज

 

संबंधित समाचार