बरेली: आईटीबीपी भर्ती में दोस्त की जगह दौड़ लगाने पहुंचा किशोर, दोनों पकड़े
DEMO IMAGE
बरेली/कैंट, अमृत विचार। कैंट थाना क्षेत्र में आईटीबीपी तृतीय वाहिनी बुखारा कैंप में चल रही भर्ती परीक्षा में अपने दोस्त के लिए दौड़ लगाने आए युवक को सेना के अधिकारियों ने पकड़ लिया। उसके दोस्त को भी पकड़ लिया गया और दोनों को कैंट पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने युवक को जेल भेज दिया। उसका साथी नाबालिग है।
यह भी पढ़ें- बरेली: बारिश से फसल की कटाई प्रभावित, 111 केंद्रों पर थमी गेहूं खरीद
भर्ती के सेंटर पीठासीन अधिकारी सेनानी विपिन कुमार ने बताया कि सोमवार को सिपाही (दूरसंचार) के पद के लिए पीईटीपीएसटी परीक्षा की प्रक्रिया चल रही थी। परीक्षा में अभ्यर्थी माधोरामपुर थाना दरूनहा जिला संत रविदास नगर भदोही निवलासी रितेश कुमार को परीक्षा के लिए बुलाया गया था।
परीक्षा मैदान में एक जैसे एडमिट कार्ड वाले दो अभ्यर्थी अलग-अलग समय वाहिनी परिसर में दाखिल हुए। दोनों के एडमिट कार्ड पर सिर्फ फोटो अलग-अलग थे। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के दौरान दोनों अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक निशानी अंगूठा लिया गया। इस दौरान पता चला कि एक ही एडमिट कार्ड पर दो व्यक्ति भर्ती होने आए हैं। एक ने सही प्रवेश पत्र को एडिट करके अलग फोटो लगाया था। दूसरा फर्जी अभ्यर्थी रितेश के गांव का ही किशोर था।
दोस्त रितेश के लिए दौड़ लगाने आया था विजय
पकड़े गए रितेश और उसका दोस्त एक ही गांव के रहने वाले हैं। रितेश दौड़ लगाने में कमजोर था, इसलिए वह गांव के दोस्त को अपनी जगह दौड़ लगाने के लिए लाया था। जब आईटीबीपी द्वारा रितेश का प्रवेश पत्र जारी किया गया तो प्रवेश पत्र की कॉपी कराकर विजय कुमार ने अपना फोटो लगा लिया। दोनों आरोपी आईटीबीपी अधिकारियों द्वारा पूछताछ के दौरान स्वयं को असली होने का दावा कर रहे थे।
यह भी पढ़ें- बरेली: संस्कृत विद्यालयों में भी कक्षा 8 तक बच्चों को मिलेगा मध्यान्ह भोजन
