Fatehpur: शिक्षा के मंदिर में गुड़ागर्दी, छेड़खानी, प्रधानाध्यापिका बोली- आरोपियों ने बच्चियों की फोटो भी खींची
फतेहपुर में शिक्षा के मंदिर में गुंडागर्दी का मामला सामने आया।
फतेहपुर में एक विद्यालय में शराब के नशे में घुसकर युवकों ने उत्पात मचाया। युवकों ने गुड़ागर्दी करने के साथ छात्राओं और महिला स्टॉफ से छेड़खानी भी की। प्रधानाध्यापिका की तहरीर पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी।
फतेहपुर, अमृत विचार। जिले के एक शिक्षा के मंदिर में घुसकर गुंडागर्दी करने का मामला सामने आया है। कुछ अराजकतत्वों ने गाजीपुर थाना क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय शाह द्वितीय में घुसकर छात्राओं और महिला स्टाप से छेड़खानी की। प्रधानाध्यापिका की तहरीर पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मामला गाजीपुर थाना क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय शाह द्वितीय का है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका और स्कूल स्टाप की ओर से गाजीपुर थाने में दी गई तहरीर में बताया गया है कि शाह निवासी एक व्यक्ति के साथ चार लोग बुधवार की दोपहर करीब 11 बजे अचानक स्कूल आ गए। इनमें एक हिस्ट्रीशीटर भी था। विद्यालय की छात्राओं और महिला स्टाप से छेड़खानी करने लगे। विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला करने का प्रयास किया गया।
यह भी आरोप लगाया गया है कि विद्यालय में बच्चियों और महिला स्टाप को पकड़कर छेड़खानी करने के साथ ही महीना मांगा। विद्यालय स्टाप की नौकरी खा जाने की धमकी दी। प्रधानाध्यापिका का आरोप है कि आरोपियों ने बच्चियों की फोटो भी खींची है।
बीईओ को दी गई सूचना
इस मामले की जानकारी कंपोजिट विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने खंड शिक्षा अधिकारी बहुआ को दी है। खंड शिक्षा अधिकारी ने मामला संज्ञान में आने की बात स्वीकारी है।
प्रधानाध्यापिका की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।- विपिन यादव, चौकी इंचार्ज शाह
