रामपुर: अब्दुल्ला आजम के करीबी अनवार और सालिम गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों पर 25-25 हजार का इनाम किया था घोषित
रामपुर, अमृत विचार। पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के करीबी दो लोगों पर पुलिस ने गैगस्टर एक्ट की कार्रवाई करते हुए दोनों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था। गुरुवार को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि अब्दुल्ला आजम के दोस्त अनवार हुसैन और सालिम का पिछले साल जुआ खेलते वीडियो वायरल हुआ था। 16 जुलाई 2022 को पुलिस ने इस मामले में सिविल लाइंस कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की थी। 19 सितंबर 2022 को दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने जौहर यूनिवर्सिटी से नगर पालिका की सफाई मशीन बरामद की थी। शहर कोतवाली पुलिस ने इस मामले में आजम खां, अब्दुल्ला आजम, अजहर खां, अनवार और सालिम सहित अन्य कई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
इन दोनों मुकदमों को आधार बनाकर शहर कोतवाली पुलिस ने अब्दुल्ला के दोस्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में भी 22 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज की थी। इस मुकदमे में अनवार, सालिम, तालिब और गौतमबुद्धनगर जिले के थाना नालिज पार्क तीन के ग्राम तुगलपुर निवासी प्रदीप कुमार को नामजद किया गया था। गैंगस्टर के मुकदमे में पुलिस को इन चारों की तलाश थी, लेकिन चारों लापता चल रहे थे। गुरुवार को गंज पुलिस ने सूचना के आधार पर छापा मारकर बरेली गेट से गिरफ्तार करने के बाद थाने ले आई थी।
प्रेसवार्ता में एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि यह दोनों अब्दुल्ला आजम के करीबी हैं और इन पर गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई करते हुए 25-25 हजार का इनाम घोषित हुआ था। उसके बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया। जहां से जेल चले गए।
दोनों की संपत्ति होगी कुर्क
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि लगातार अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है यह दोनों भी गैगस्टर की कार्रवाई के बाद से लगातार फरार चल रहे थे। गुरुवार को इनको गिरफ़्तार कर लिया गया है। ऐसा नियम है कि गैगस्टर एक्ट की कार्रवाई के बाद दोनों की संपत्ति भी कुर्क की जाएगी।
बचे दो आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अब इस मामले में फरार चल रहे तालिब और गौतमबुद्ध नगर निवासी प्रदीप कुमार को पकड़ने के लिए उनके घर और आस पास लगातार दबिश दे रही है।
सालिम पर छह मुकदमें दर्ज
सिविल लाइन के शौकत अली रोड इलाही मस्जिद के सामने के रहने वाल सालिम पर धारा 147,188,341 के अलावा सार्वजनिक स्थान पर जुआ अधिनियम सहित करीब छह मुकदमें दर्ज है। इसके अलावा अनवार पर अजीमनगर में सरकारी कार्य में बाधा डालना के अलावा टांडा सहित कई थानों में नौ मुकदमें दर्ज है।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी में करने में वादी की गवाही पूरी, अब इस दिन होगी सुनवाई
