बरेली: विधायक ने तहसीलदार के खिलाफ खोला मोर्चा, डीएम ने जांच बैठाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अफसरों के टकराव को लेकर नवाबगंज हमेशा से चर्चा में रहा है। इस बार नगर पालिका परिषद को लेकर नहीं, बल्कि तहसील में व्याप्त अव्यवस्थाओं और तहसीलदार को लेकर चर्चा में है। यहां के विधायक केसर सिंह गंगवार ने तहसीलदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई कराने के लिए मोर्चा …

बरेली,अमृत विचार। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अफसरों के टकराव को लेकर नवाबगंज हमेशा से चर्चा में रहा है। इस बार नगर पालिका परिषद को लेकर नहीं, बल्कि तहसील में व्याप्त अव्यवस्थाओं और तहसीलदार को लेकर चर्चा में है। यहां के विधायक केसर सिंह गंगवार ने तहसीलदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई कराने के लिए मोर्चा खोला है।

कई मामलों में बरती गई लापरवाही को ढाल बनाते हुए विधायक ने तहसीलदार के खिलाफ डीएम से शिकायत की है। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर जिला अधिकारी प्रशासन वीके सिंह को जांच सौंपी है।

विधायक केसर सिंह ने जिलाधिकारी नितीश कुमार को 18 अगस्त को दी लिखित शिकायत में कहा है कि तहसीलदार नवाबगंज अपने उत्तरदायित्वों को लेकर जागरूक नहीं हैं। कोरोना (कोविड-19) महामारी के दौरान कम्युनिटी किचिन में जमकर अव्यवस्था रही। नाममात्र की खिचड़ी बनाकर कभी-कभी गरीबों को झोपड़ी में जाकर परोसी जाती थी लेकिन उन परिवारों की चिंता नहीं की जो बेहद कमजोर वर्ग के थे। दाखिल खारिज, आय, जाति व हैसियत प्रमाण पत्रों की पत्रावलियां तालाब (मत्स्य पालन) आदि के पट्टों के कार्य वही होते हैं, जिनमें लेनदेन होता है। जबकि आमजन अपने काम कराने के लिए चक्कर काटते रहते हैं।

विधायक ने 13 जुलाई को ग्राम मानपुर के दो बच्चों की डूबने से मौत होने के मामले को उठाते हुए डीएम को बताया कि एसडीएम के अवकाश पर होने के कारण घटना की सूचना तहसीलदार को दी गई लेकिन तहसीलदार मौके पर नहीं पहुंचे। विधायक ने दाखिल खारिज, पट्टा, आय जाति संबंधी प्रकरणों की पत्रावलियां की जांच कराकर अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। डीएम ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन को जांच कर शीघ्र जांच रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।

संबंधित समाचार