पेंशन में घपलेबाजी: शाहजहांपुर में जिला समाज कल्याण अधिकारी निलंबित, जानिए पूरा मामला
शाहजहांपुर, अमृत विचार। वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों के बैंक खातों में हेराफेरी के मामले में आरंभिक जांच रिपोर्ट में पेंशन हड़पने की पुष्टि के बाद शासन ने जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार को निलंबित कर लखनऊ मुख्यालय संबद्ध कर दिया है। उनके स्थान पर जिले में तैनात जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) वंदना सिंह को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। आदेश में लिखा है कि रिक्त पद का प्रभार अग्रिम आदेशों तक अथवा नियमित तैनाती होने तक (जो भी पहले हो) के लिए अतिरिक्त रूप से प्रदान किया गया है।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: सिटी मजिस्ट्रेट की अगुआई में चला अभियान, जेसीबी से हटवाया अतिक्रमण
जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय से वृद्धावस्था पेंशन पाने वाले लाभार्थियों की शिकायत पर 4.41 करोड़ रुपये की हेरीफेरी का मामला सामने आया था। इसमें जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सीतापुर में नियुक्ति के दौरान साथ काम करने वाले विशाल कुमार सक्सेना की प्रमुख भूमिका मानी जा रही है।
इसी वजह से जिला समाज कल्याण अधिकारी भी संदेह के दायरे में आ गए। शुरुआती जांच में ही पता लग गया था कि जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार ने अपने डोंगल सिग्नेचर और पासवर्ड आदि सभी सीतापुर निवासी इस युवक को दे दिया था। इससे उसने आसानी से हेराफेरी कर लाभार्थियों के खाते बदल दिए, जिससे उनकी पेंशन की रकम किसी और के खातों में चली गई। डीएम के समक्ष मामला पहुंचा तो उन्होंने तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर आरंभिक जांच में ही लाभार्थियों की पेंशन हड़पने की पुष्टि हो गई। इस पर शासन ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निलंबित कर दिया।
शासन ने जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार को निलंबित कर दिया है। जांच टीम लाभार्थियों के सभी खातों की गहनता से जांच कर रही है। संपूर्ण जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी और दोषी किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा---एसबी सिंह, मुख्य विकास अधिकारी।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: कोर्ट में नहीं हाजिर हुए चिन्मयानंद, दुष्कर्म पीड़िता ने दी गवाही
