Elon Musk ने फिर बदला Twitter का Logo, डॉग की जगह नीली चिड़िया की हुई वापसी
नई दिल्ली। दुनिया दूसरे अमीर कारोबारी एलन मस्क ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर के लोगो को फिर से बदल दिया है। उन्होंने तीन दिन पहले नीली चिड़िया हटाकर एक डॉग को लोगो बनाया था। हालांकि, ये बदलाव केवल वेब वर्जन पर किया था, ऐप पर नहीं। अब नीली चिड़िया वाला लोगो फिर से वापस लाया गया है। वेब और ऐप दोनों पर ये लोगो नजर आ रहा है। लोगो में बदलाव के बाद क्रिप्टोकरेंसी डॉजकॉइन में करीब 10% की गिरावट देखने को मिल रही है।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर बिली मार्कस और जैकसन पालमर ने 2013 में बिटकॉइन जैसी अन्य क्रिप्टोकरेंसी का मजाक उड़ाने के लिए डॉजकॉइन की शुरुआत की थी। मस्क कई मौकों पर इसे अपनी पसंदीदा क्रिप्टोकरेंसी बता चुके हैं। मस्क ने डॉजकॉइन के सपोर्ट में फरवरी 2022 में कई ट्वीट किए थे। उस वक्त उन्होंने पहले ट्वीट में सिर्फ 'DOGE' लिखा था।
दूसरे ट्वीट में मस्क ने लिखा था- डॉजकॉइन लोगों का क्रिप्टो है। नो हाई, नो लो ओनली DOGE। इसके बाद इस क्रिप्टोकरेंसी की कीमत उछलकर 5 सेंट हो गई थी। मस्क के ट्वीट्स से पहले यह तीन सेंट पर ट्रेड कर रही थी।
दिसंबर 2020 में भी उन्होंने One Word: Doge ट्वीट किया था और इसकी कीमत 20% बढ़ गई थी। अब ट्विटर के नए लोगो में मस्क ने इस क्रिप्टोकरेंसी के डॉग की फोटो का इस्तेमाल किया है। ट्विटर का लोगो बदलते ही यूजर्स हैरान रह गए थे और एक-दूसरे से इस बदलाव को लेकर सवाल करने लगे। एक यूजर ने पूछा कि क्या सभी को लोगो पर डॉग दिखाई दे रहा है। देखते ही देखते ट्विटर पर #DOGE ट्वीट करने लगा। यूजर्स को लगा था कि ट्विटर को किसी ने हैक कर लिया है। कुछ देर बाद ही एलन मस्क ने एक ट्वीट किया, जिससे ये साफ हो गया कि ट्विटर ने अपना लोगो बदल दिया है। हालांकि, अब दोबारा नीली चिड़िया की वापसी हो गई है।
इससे पहले 15 फरवरी को एलन मस्क ने अपने डॉग फ्लोकी (Floki) की फोटोज शेयर कर मजाक में उसे ट्विटर का नया CEO बताया था। मस्क ने फ्लोकी की फोटो शेयर कर लिखा था, 'ट्विटर का नया CEO बहुत अमेजिंग है। यह दूसरे लोगों से काफी अच्छा है। ये नंबरों के साथ भी अच्छा और काफी स्टाइलिश भी है।'
एलन मस्क ने 27 अक्टूबर 2022 को 44 बिलियन डॉलर में ट्विटर खरीदा था। इसके बाद मस्क ने कंपनी के चार टॉप ऑफिशियल्स को निकाल दिया था। इनमें CEO पराग अग्रवाल, फाइनेंस चीफ नेड सेगल, लीगल एग्जीक्यूटिव्स विजया गड्डे और सीन एडगेट शामिल हैं। इसके बाद चीफ मार्केटिंग ऑफिसर लेस्ली बेरलैंड, चीफ कस्टमर ऑफिसर सारा पर्सनेट और ग्लोबल क्लाइंट सॉल्यूशंस के वाइस प्रेसिडेंट जीन-फिलिप महू को बाहर कर दिया गया था।
ये भी पढ़ें : Twitter Logo : उड़ गई नीली चिड़िया ! अब Elon Musk ने 'डॉगी' को बनाया ट्विटर का नया लोगो
